धोबनी – (सरसीवा ) ग्राम पंचायत धोबनी में रामनवमी के शुभ अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। राम सीता चौक से निकली शोभायात्रा पूरे गांव में भ्रमण करते हुए श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस दौरान माता-बहनों और ग्रामवासियों का विशेष सहयोग देखने को मिला, जिससे आयोजन और भी भव्य बन गया।
रात्रि में राम मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसे राजीव लोचन मानस पार्टी द्वारा संपन्न कराया गया। महाआरती के पश्चात महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुभाष जालान जी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य , पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ , अनिल कुमार साहू जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि , योगेश्वरसाहू महामंत्री, किसान मोर्चा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ , जितेंद्र साहू अध्यक्ष, किसान मोर्चा, मंडल सरसीवा), राजीव लोचन साहू सरपंच ग्राम पंचायत धोबनी, माधव जालान, सोमु केसरवानी सहित गाँव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने कार्यक्रम के प्रारंभ में भगवान श्री राम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात रात्रिकालीन कार्यक्रम में जय मानस कपीस पार्टी द्वारा रामायण की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने बड़े ही भावपूर्वक सुना और आनंद लिया।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।



