-स्वच्छ भारत योजना के अंतर्गत कुल 32 नग नाडेप निर्माण हेतु प्रति नग 13,561 की राशि स्वीकृति हुई। इस तरह 32 नग नाडेप निर्माण के लिए कुल 433,952 की स्वीकृत राशि व्यय की जा चुकी है।
कांकेर। जिले के जनपद पंचायत नरहरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत हटका चारामा में नाडेप निर्माण में जमकर भ्रष्टाचार का मामला सामने आ रहा है। स्वच्छ भारत मिशन योजनांतर्गत बनाये गये 32 नाडेप तो जरूर बनाए गए हैं,लेकिन इसके निर्माण में तकनीकी मापदंडों का जरा भी पालन नहीं किया गया है। महज दिखाऊ प्रतीत हो रहे ये नाडेप मापदंडों के अनुसार निर्माण नहीं होने से कुछ ही दिनों में ये ध्वस्त हो जाएंगे।
बताते चलें ग्राम पंचायत हटकाचारामा में वर्ष 2023-24 में स्वच्छ भारत योजना के अंतर्गत कुल 32 नग नाडेप निर्माण हेतु प्रति नग 13,561 की राशि स्वीकृति हुई। इस तरह 32 नग नाडेप निर्माण के लिए कुल 433,952 की स्वीकृत राशि व्यय की जा चुकी है। कार्यान्वयन एजेंसी खुद ग्राम पंचायत होने के बाद भी किस प्रकार से सरपंच मनोज शोरी, सचिव संजय कलिहारी द्वारा इस प्रकार से स्वीकृत शासकीय राशि का दुरूपयोग करते हुए निर्माण किया गया है,यह यहां बनाये गये 32 नग अमानक नाडेप खुद अपनी कहानी बयां कर रहे हैं, जहां नाडेप का वाल 8 इंच का होना चाहिए वहां एक-एक ईंट को जोड़ कर बनाये गये हैं।
तकनीकी रूप से इतनी खामियों के साथ किस प्रकार तकनीकी सहायक द्वारा इस प्रकार शासन के नियमों को दरकिनार किया गया। बहुत सारी बातें जांच में पता चलेगी लेकिन इसके निर्माण को लेकर आज आम आदमी भी दबे तले यही सवाल कर रहा है कि किस तरह शासन की राशि का दुरूपयोग किया गया है,जहां एक इंच का वाल जब चाहे टूट कर ध्वस्त हो सकता है।
अब इसे लेकर क्षेत्र के जागरूक लोग भी शिकायत का मन बना लिया है। हटकाचारामा ग्राम पंचायत का यह निर्माण कार्य बानगी भर है, ना जाने जिले में ऐसे कितने ग्राम पंचायतों में इस प्रकार से अमानक गैर तकनीकी रूप से निर्माण किया गया होगा।



