मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने वीसी के जरिए दिए आवश्यक निर्देश
लोकसभा आम निर्वाचन-2024
उत्तर बस्तर कांकेर, 23 अप्रैल 2024/ प्रदेश की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज वीडियो कॉन्फें्रसिंग के माध्यम से प्रदेश में द्वितीय एवं तृतीय चरण में होने वाले लोकसभा निर्वाचन में मतदाताओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मतदान केन्द्रों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पंखे, कूलर, शीतल पेयजल, छाया, रैम्प आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वीसी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह ने कांकेर जिले में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।़
एनआईसी कक्ष में आज अपराह्न एक बजे से आयोजित वी.सी. में जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी बूथों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं तथा मतदान वाले दिन कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीच-बीच में कुर्सियां भी लगाई जाएंगी। इसी तरह 26 अप्रैल शुक्रवार को जिले के हाट-बाजारों के लगने की तिथि में परिवर्तन कराया गया है, जिससे कि मतदान प्रभावित होने न पाए। इसके अतिरिक्त एक हजार से अधिक मतदाता संख्या वाले बूथों को चिन्हांकित कर रिजर्व दल के अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर मतदान सुचारू तौर पर कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने यह भी बताया कि कम टर्नऑउट वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में स्थित 41 बूथों को चिन्हांकित कर वहां स्वीप के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही विभिन्न प्रकार की गतिविधियां संचालित कर वहां के मतदाताओं को जागरूक करने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों को मतदान करने के लिए बारी-बारी से अवकाश देने की सलाह व्यवसायियों को दी जा रही है। इसके अलावा सभी पोलिंग बूथों में पेयजल के लिए घड़े की व्यवस्था भी की जाएगी।
जिले में की गई तैयारियों पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सराहना की तथा विधानसभा निर्वाचन-2023 की भांति लोकसभा चुनाव में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की बात कही। इस दौरान जिला पंचायत के सी.ई.ओ. श्री सुमित अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक मारबल भी मौजूद थे।



