Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ नारायणपुर जिले में बड़ा नक्सल एनकाउंटर,अबूझमाड़ में 10 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ नारायणपुर जिले में बड़ा नक्सल एनकाउंटर,अबूझमाड़ में 10 नक्सली ढेर

0
नारायणपुर- लोकसभा चुनाव के दौरान छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की तरफ से लगातार ताबड़तोड़ नक्सल ऑपरेशन चलाया जा रहा है. मंगलवार को नारायणपुर, कांकेर और महाराष्ट्र की सीमा पर फोर्स और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई. इस एनकाउंटर में कुल 10 नक्सली मारे गए हैं. इससे पहले 16 अप्रैल को कांकेर के छोटेबेठिया में सिक्योरिटी फोर्स ने बड़े नक्सल ऑपरेशन में 29 नक्सलियों का काम तमाम कर दिया था.
नारायणपुर में कहां हुआ एनकाउंटर ?: नारायणपुर में यह नक्सली एनकाउंटर हुआ है. सुबह 6 बजे सुरक्षाबलों की टीम अबूझमाड़ इलाके में ऑपरेशन पर निकली थी. यहां के टेकमेटा और काकुर गांवों के बीच जंगल में फोर्स और नक्सलियों के बीच गोलीबारी हुई है. इस ऑपरेशन में डीआरजी, स्पेशल टास्क फोर्स और नक्सल विरोधी टीम शामिल थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक नारायणपुर के अबूझमाड़ में रात से ही सुरक्षाबलों की टीम ने ऑपरेशन शुरू कर दिया था. इस एनकाउंटर में 10 नक्सली मारे गए हैं.
9 घंटे तक चली मुठभेड़: नारायणपुर के अबूझमाड़ में करीब 9 घंटे तक मुठभेड़ चली. जिसमें 10 माओवादी मारे गए. मारे गए नक्सलियों में तीन महिला नक्सली और सात पुरुष नक्सली शामिल हैं. सुरक्षाबलों को एक इंसास रायफल और एके 47 रायफल मिला है. इसके अलावा भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं.
सिक्योरिटी फोर्स के जवानों को कोई नुकसान नहीं: इस नक्सल ऑपरेशन में सिक्योरिटी फोर्स के जवानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. सुरक्षाबलों की टीम सुरक्षित बताई जा रही है. फोर्स को मौके से एक एके-47 राइफल और अन्य हथियार मिले हैं. इसके अलावा गोला-बारूद और विस्फोटकों का जखीरा भी जब्त किया गया है. पुलिस ने कहा कि मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.
“अबूझमाड़ इलाके में सुबह फोर्स रवाना हुई थी. यहां नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई है. 9 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं. नक्सलियों के शव की शिनाख्त की जा रही है. मौके से एक AK- 47 रायफल और हथियार मिले हैं. नक्सलियों की माड़ टीम इलाके में थी उन्हीं के साथ एनकाउंटर हुआ है. करीब 50 से 60 नक्सली वहां मौजूद थे. गर्मी के समय नक्सली ज्यादा एक्टिव रहते हैं इसे देखते हुए सुरक्षाबल लगातार कार्रवाई कर रही है.
अब तक 88 नक्सली विभिन्न मुठभेड़ में मारे गए हैं”: सुंदरराज पी, बस्तर आईजी
गृह मंत्री ने सुरक्षाबलों के जवानों को दी बधाईः अबूझमाड़
एनकाउंटर में सफलता पर छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने सुरक्षाबलों को बधाई दी है. इसके साथ ही विजय शर्मा ने नक्सलियों से सरेंडर करने के लिए कहा है. उन्होंने नक्सलियों से अपील की है कि वो हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्य धारा में शामिल हों.
“सीएम विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बातचीत के जरिए इस मुद्दे का समाधान चाहती है. यदि कोई नक्सली, या बड़ा या छोटा समूह वीडियो कॉल या मध्यस्थ के माध्यम से बात करना चाहता है, तो हम तैयार हैं और उनके लिए बेहतर पुनर्वास की व्यवस्था करेंगे. हम उनसे मुख्यधारा में शामिल होने का आग्रह करते हैं. हम चाहते हैं कि बस्तर में शांति हो और वहां विकास हो”: विजय शर्मा, छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री
छत्तीसगढ़ में अब तक 88 नक्सली ढेरः छत्तीसगढ़ में साल 2024 में अब तक कुल 88 नक्सली मारे गए हैं. इससे पहले कांकेर में 16 अप्रैल को हुए एनकाउंटर में 29 नक्सली मारे गए थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here