Four people including groom in car burnt to death due to collision with DCM, heart-wrenching accident on Jhansi-Kanpur highway;
परीछा थर्मल पावर प्लांट के पास देर रात एक कार में पीछे से डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे कार में लगा सीएनजी टैंक फट गया और कार आग की लपटों में घिर गई। इस घटना से कार में सवार दूल्हा समेत 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
एरच थाना क्षेत्र के बिलाटी करके निवासी आकाश अहिरवार (25) का विवाह बड़ागांव थाना क्षेत्र अन्तर्गत बराठा गांव में तय हुआ था। शुक्रवार को उसकी बरात जानी थी। आकाश अपने भाई आशीष, भतीजा चार वर्षीय मयंक, कार चालक जय करण उर्फ भगत दो अन्य साथी रवि अहिरवार और रमेश के साथ बारात लेकर कार (यूपी 93 एएस 2396) से बड़ागांव वराठा जा रहा था। कार सीएनजी चलित थी।
डीसीएम ने मारी टक्कर
रात्रि लगभग 12 बजे जैसे उनकी कार बड़ागांव के परीछा थर्मल पावर प्लाण्ट के समीप पहुंची तभी पीछे से आ रही डीसीएम गाड़ी (यूपी 55 एटी 6965) ने कार में टक्कर मार दी। कार में पीछे से टक्कर लगने पर सीएनजी टैंक फट गया और उसमे आग लग गई। पुलिस जब तक आग पर काबू कर पाती, कार में सवार दूल्हा आकाश उसका भाई आशीष, भतीजा मयंक तथा चालक जय करण की मौत हो चुकी थी।
मौके से फरार हुआ डीसीएम ड्राइवर
आग की लपटों को देख कार में सवार सभी लोगों में चीख-पुकार मच गई. डीसीएम का चालक कूदकर भाग गया. हादसे को देख राहगीरों ने इसकी सूचना थाने की पुलिस व फायर बिग्रेड को दी. इसी दौरान पीछे अन्य रिश्तेदारों की गाड़ी आ रही थी, जिन्होंने गाड़ी को रोका और आग से जल रही कार के कांच तोड़कर दो लोगों को किसी प्रकार बाहर निकालकर बचा लिया और उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कालेज भिजवा दिया, जबकि दूल्हा आकाश, भाई आशीष, भतीजा ऐशू और ड्राईवर भगत की जिंदा जलकर मौत हो गई. फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया. आग बुझने के बाद पुलिस ने कार में फंसे शवों को बाहर निकाला और कब्जे में लिए.
कार का पीछा कर रहा था डीसीएम: मृतक की बहन
मृतक दूल्हे की बहन काजल ने बताया कि उसके छोटे भाई आकाश की शादी थी. एक ट्रक वाला काफी देर से पीछा कर रहा था. यह देख भाई ने हमारे पति को फोन लगाया और बताया. पीछे कर रहे ट्रक ने कार में टक्कर मारते हुए चढ़ा दी. इसके बाद गाड़ी में आग लग गई और सीएनजी सिलेंडर फट गया. किसी प्रकार कार में सवार दो लड़के निकल गए. उसके दोनों भाई और भतीजे व ड्राईवर जिंदा जलकर मर गए.
वहीं वधु पक्ष के गांव के प्रधान भगवान सिंह यादव का कहना है कि हम लोग बारात का इंतजार कर रहे थे. करीब सवा 10 बजे हमने दिनेश से फोन लगवाया, जिसकी भतीजी की शादी थी. तब बताया गया कि बारात गुरसरांय आ गई. हमने सोचा कि एक डेढ़ घंटा लगेगा. एक घंटे बाद उन्हें इस घटना की जानकारी मिली.
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि गाड़ी में 6 लोग बैठे हुए थे. इसमें दूल्हा, दूल्हे का भाई और उसका भतीजा व रिश्तेदार बैठे थे. पारीछा ओवर ब्रिज पर डीसीएम और कार का एक्सीडेंट हो गया. इसमें कुल 4 लोगो की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिसमें दूल्हा भी शामिल है. 4 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.



