Home Blog जान हथेली पर रख करने होंगे दर्शन,यमुनोत्री धाम पर भीड़ ऐसी कि...

जान हथेली पर रख करने होंगे दर्शन,यमुनोत्री धाम पर भीड़ ऐसी कि लग गया जाम,लोगों के आगे बढ़ने की जगह भी नहीं बची,

0

One has to risk one’s life to have darshan, the crowd at Yamunotri Dham was such that there was a traffic jam, there was no space left for people to move forward.

Chardham Yatra 2024: चार धाम यात्रा के पहले दिन यमुनोत्री धाम में यात्रा व्यवस्थाओं की पोल खुली है। ‌सबसे अधिक परेशानी तीर्थ यात्रियों को पाली गाड़ से लेकर फूल चट्टी तक संकरी सड़क पर लगे लंबे जाम के कारण झेलनी पड़ी है।
जानकी चट्टी से यमुनोत्री धाम तक करीब पांच किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग पर भी जाम की स्थिति बन रही है। यह मार्ग कई स्थानों पर बेहद ही संकरा है। गत शुक्रवार इस पैदल मार्ग पर लंबा जाम लगा था। जिसके कारण धाम में भी श्रद्धालु सही ढंग से दर्शन नहीं कर पाए।

Ro.No - 13672/156

पार्किंग की व्यवस्था भी चरमराई

यमुनोत्री धाम के सड़क पड़ाव स्थल जानकी चट्टी और खरसाली में पार्किंग की व्यवस्था भी चरमराई है। यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय व्यवसायों और तीर्थ पुरोहितों ने भी आक्रोश व्यक्त किया है। भाजपा के नेता एवं स्थानीय निवासी संदीप राणा ने कहा कि यमुनोत्री यात्रा व्यवस्था में लगे सभी विभाग मस्त, यात्रा अस्त-व्यस्त है।
मंदिर समिति भी कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर पा रही है। सही ढंग से यमुनोत्री में तीर्थ यात्रियों को दर्शन की व्यवस्था नहीं की जारी है। मंदिर समिति की जहां पर दुकानें हैं। वहां पर तीर्थ यात्रियों के लिए रैन बसेरा एवं शौचालय बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आखिर जिला पंचायत और पुलिस प्रशासन राष्ट्रीय राजमार्ग के पाली गाड़ में बैरियर क्यों लग रहा है ।‌ यहां तीर्थ यात्रियों से टैक्स भी वसूला जा रहा है‌। जबकि सुविधा कुछ नहीं दी जा रही है। पैदल यात्रा मार्ग पर भी घोड़ा संचालन और डंडी कांडी संचालन की सही व्यवस्था नहीं है।

कपाट खुलते ही उमड़ा सैलाब

यमुनोत्री मंदिर के कपाट शुक्रवार को अक्षय तृतीया पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इससे पहले शुक्रवार की सुबह मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास खरसाली, खुशी मठ से अपने भाई शनिदेव की अगुवाई में यमुनोत्री धाम पहुंची। रोहिणी नक्षत्र की बेला में वैदिक मंत्रों के पाठ और विधि-विधान के साथ तीर्थ-पुरोहितों की उपस्थिति में सुबह 10:29 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं का हुजूम यमुनोत्री धाम में उमड़ पड़ा। पहले ही दिन कुल 12,913 भक्तों ने दर्शन किए।

भक्तों की भारी भीड़ के कारण यमुनोत्री हाइवे पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को ले जाने वाले डोली वाहक भी किनारे पर बैठे नजर आए। उनका कहना है कि अभी दो-तीन दिन ऐसी ही भीड़ रहेगी। इसके बाद ही लोगों और डोली के चलने लायक स्थिति बन पाएगी। कुल मिलाकर 46,426 श्रद्धालु तीन धामों में दर्शन के लिए पहले दिन पहुंचे। सबसे अधिक केदारनाथ धाम में 29,030 श्रद्धालुओं ने कपाट खुलने के बाद बाबा केदार के दर्शन किए। वहीं, गंगोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 5203 रही।

मंत्री ने दिए निर्देश

धामी सरकार के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने चार धाम यात्रा के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्री अपना रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं। मौसम की जानकारी और समय-समय पर राज्य सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की लंबी कतारों से निजात दिलाने के लिए टोकन और स्लॉट की व्यवस्था की जा रही है। पर्यटन विभाग ने चार धाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा और निगरानी के लिए पर्यटक सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली का इंतजाम किया है।

5जी नेटवर्क से जुड़ा मार्ग, हेली सेवा शुरू

चार धाम यात्रा का मार्ग 5जी नेटवर्क सेवा से जुड़ गया है। जियो ने दावा किया कि हरिद्वार, ऋषिकेश, देवप्रयाग, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, चमोली, गोपेश्वर, जोशीमठ, उखीमठ, गुप्तकाशी, उत्तरकाशी, बड़कोट, पुरोला, टिहरी, घनसाली, चिन्यालीसौड़ आदि में भी 5जी सेवा उपलब्ध करा दी गई है। जियो के 5जी नेटवर्क का लाभ तीर्थयात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को भी मिलेगा। वहीं, केदारनाथ के लिए कपाट खुलने के साथ ही 9 हेलीकॉप्टर कंपनियों ने हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी है। पहले ही दिन हेलीकॉप्टर कंपनियों में यात्रियों की भीड़ लगी रही। शुक्रवार सुबह से ही केदार घाटी के अनेक हेलीपेडों से हेलीकॉप्टरों की उड़ाने शुरू हुई। बड़ी संख्या में यात्री और अन्य लोग केदारनाथ पहुंचे।

वीआईपी दर्शन नहीं, शिल्पा शेट्‌टी भी पहुंची

केदारनाथ धाम में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था पहले दिन नहीं दिखाई दी। कपाट खुलने के बाद सीएम धामी ने बाबा केदार का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद आम और खास सभी भक्तों को दर्शन की सुविधा दी गई। पिछले सालों की तरह वीआईपी लाइन नहीं दिखाई दी। सभी भक्तों को गर्भगृह में जाने का मौका दिया गया। ऐसी व्यवस्था पहली बार दिखाई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी परिवार समेत शुक्रवार को जॉलीग्रांट के एसडीआरएफ हेलीपैड पहुंची। वहां रुद्राक्ष एविएशन की निदेशक श्रेया छाबरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सुबह 11:15 बजे एक्ट्रेस अपने परिवार के साथ रुद्राक्ष एविएशन के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई। बाबा केदार के दर्शन के बाद वह लौट गई।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here