Actress Shamita Shetty, who is suffering from this dangerous disease, gave a warning from the hospital bed just before the surgery.
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी हाल ही में परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकली थी। रविवार शाम शेट्टी परिवार वापस मुंबई लौटा था। इस बीच सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली शिल्पा ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम एक वीडियो शेयर किया, जिसे देखकर फैंस थोड़ा परेशान हो रहे हैं और कमेंट्स में सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू कर दिया।
दरअसल, शिल्पा ने अपने छोटी बहन शमिता शेट्टी का वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अस्पताल के बेड पर नजर आ रही हैं और सर्जरी की बात करती दिखाई दे रही हैं।
शमिता शेट्टी को क्या हुआ ?
शिल्पा शेट्टी की बहन शमिता इन दिनों काफी बीमार हैं। इसकी जानकारी खुद एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दी है। एक्ट्रेस एंडोमेट्रियोसिस बीमारी से जूझ रही हैं। इसके चलते वो हाल ही में मुबई के एक अस्पताल में भर्ती हुईं और उनकी सर्जरी हुई।
इस वीडियो को शमिता ने भी अपने इंस्टा पर शेयर किया है। वीडिया साझा करते हुए कैप्शन में लिखा है- ‘क्या आप जानते हैं कि लगभग 40% महिलाएं एंडोमेट्रियोसिस से पीड़ित हैं और हममें से ज्यादातर लोग इस बीमारी से अनजान हैं।
शमिता ने दी बीमारी से जुड़ी जानकारी
शमिता शेट्टी ने वीडिया साझा करते हुए एक लंबा कैप्शन भी पोस्ट में लिखा है। एक्ट्रेस ने कहा, ‘क्या आप जानते हैं कि लगभग 40% महिलाएं एंडोमेट्रियोसिस से पीड़ित हैं.. और हममें से ज्यादातर लोग इस बीमारी से अनजान हैं!!! मैं अपने दोनों डॉक्टरों, मेरी गायनेक डॉ. नीता वार्टी और मेरी जीपी डॉ. सुनीता बनर्जी को धन्यवाद देना चाहती हूं कि वे तब तक नहीं रुके जब तक उन्हें मेरे दर्द का मूल कारण पता नहीं चल गया! अब जबकि मेरी यह बीमारी चिकित्सा और सर्जरी के जरिए हटा दी गई है तो मैं अच्छे स्वास्थ्य और अब और अधिक शारीरिक रूप से दर्द मुक्त दिनों की आशा कर रहा हूं!’
महिलाओं के किया आगाह
सामने आए वीडियो में शमिता शेट्टी अपनी बहन शिल्पा से बात करती नजर आ रही हैं। शिल्पा, शमिता से पूछती हैं कि उन्हें क्या हुआ है। इसके जवाब में शमिता कहती हैं कि वो तो शिल्पा से मिलने आई थीं, उन्हें पता भी नहीं था कि उन्हें हुआ क्या है। सभी महिलाएं गूगल करें कि एंडोमेट्रियोसिस क्या है, ये आपके लिए जानना बेहद जरूरी है। इस पर शिल्पा कहती हैं कि ऐसा करना क्यों जरूरी है जिस पर शमिता कहती हैं कि आपको ये बीमारी होगी और आपको इसका अंदाजा भी नहीं होगा। ये बहुत पेनफुल है और बहुत तकलीफ देता है। ये वीडियो एक्ट्रेस ने सर्जरी से ठीक पहले बनाया है।
क्या है एंडोमेट्रियोसिस
WHO के अनुसार एंडोमेट्रियोसिस एक ऐसी बीमारी है जिसमें गर्भाशय की परत के समान ऊतक गर्भाशय के बाहर बढ़ने लगते हैं। इससे श्रोणि में गंभीर दर्द हो सकता है और गर्भधारण करना कठिन हो सकता है। एंडोमेट्रियोसिस किसी व्यक्ति के पहले मंथली पीरियड से शुरू हो सकता है और खत्म होने तक रह सकता है।
शमिता शेट्टी का फिल्मी सफर
आखिरी बार शमिता शेट्टी साल 2023 में ‘द टेनेंट’ में भी नजर आई थीं। इतना ही नहीं शमिता शेट्टी इससे पहले ‘ब्लैक विडोज’ नाम की वेब सीरीज का भी हिस्सा रहीं। ‘बिग बॉस 15’ और ‘बिग बॉस ओटीटी’ में भी शमिता शेट्टी का जलवा देखने को मिला। वैसे इससे पहले भी शमिता बिग बॉस का हिस्सा रह चुकी हैं। तीन बार शो में बतौर कंटेस्टेंट आने के बाद भी वो एक बार भी शो नहीं जीत सकीं। आज भी ‘शरारा शरारा’ गाने के लिए पहचानी जाने वाली एक्ट्रेस को फिल्म ‘मोहब्बतें’ से पहचान मिली थी। कई शानदार फिल्में करने के बाद एक्ट्रेस फिल्मों से दूर हो गई। इसके बाद शमिता कई टीवी रियलिटी शोज का भी हिस्सा बनीं।



