Grand preparations at Rashtrapati Bhavan, four foreign guests arrived in India to attend PM Modi’s swearing-in ceremony, invitations have been sent to 7 countries
एनडीए संसदीय दल के नेता के तौर पर नरेंद्र मोदी रविवार को शाम 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नरेंद्र मोदी को पीएम पद की शपथ दिलाएंगी. उनके साथ ही उनके कई मंत्रियों के भी पद और गोपनीयता की शपथ लेने की संभावना है.
राष्ट्रपति भवन ने शेयर किया समारोह की तैयारियों का वीडियो
राष्ट्रपति भवन ने इस भव्य समारोह की तैयारियों का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें बड़ी संख्या में कुर्सियों को व्यवस्थित करके उन्हें सफेद कपड़े से ढकते हुए तथा लाल कालीन बिछाते हुए दिखाया गया. अधिकारियों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित भोज में राष्ट्रपति भवन की रसोई के चुनिंदा व्यंजन और विशेष व्यंजन मेहमानों को परोसे जाएंगे. उन्होंने बताया कि भारत के पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के नेताओं को शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है, जो रविवार शाम सवा सात बजे शुरू होगा.
नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में कई विदेशी मेहमान होंगे शामिल
भारत के पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के कुछ नेता उन गणमान्य व्यक्तियों तथा विशेष आमंत्रित लोगों में शामिल हैं, जो राष्ट्रपति भवन में रविवार शाम को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित नरेन्द्र मोदी और उनके मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. अधिकारियों के मुताबिक महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-सोलापुर वंदे भारत ट्रेन की पायलट सुरेखा यादव भारतीय रेलवे के उन 10 लोको पायलटों में शामिल हैं, जिन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया है. अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं, जिनमें शपथ लेने वाले मंत्रिपरिषद के सदस्यों और अति-विशिष्ट लोगों (वीवीआईपी) के लिए निर्धारित स्थल भी शामिल हैं.
नई सरकार में कौन बनेगा मंत्री? कैबिनेट को लेकर मंथन जारी
नई सरकार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विभिन्न दलों के लिए मंत्रिपरिषद में हिस्सेदारी को लेकर भाजपा के शीर्ष नेता और सहयोगी दलों के बीच गहन विचार-विमर्श चल रहा है. अमित शाह और राजनाथ सिंह के अलावा पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जैसे वरिष्ठ भाजपा नेता सरकार में प्रतिनिधित्व को लेकर तेलुगु देशम पार्टी के एन. चंद्रबाबू नायडू, जेडी(यू) के नीतीश कुमार और शिवसेना के एकनाथ शिंदे सहित सहयोगी दलों से परामर्श कर रहे हैं.
मोदी के नेतृत्व में इतिहास रचा जा रहा है: रामदास अठावले
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राज्यसभा सांसद रामदास अठावले ने कहा, “प्रधानमंत्री को तीसरी बार मौका मिला है और उनके नेतृत्व में इतिहास रचा जा रहा है… मुझे खुशी है कि मैं स्वतंत्र समुदाय से हूं और उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी दी है, जिसके लिए मैं प्रधानमंत्री का धन्यवाद करता हूं… मुझे जो भी पोर्टफोलियो मिलेगा, मैं उसे जिम्मेदारी के साथ निभाऊंगा।”
कांग्रेस अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया, समारोह में आगमन पर अभी सस्पेंस
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को कल देर रात भाजपा नेता प्रहलाद जोशी ने फोन करके प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया। सूत्रों ने बताया कि फिलहाल शपथ ग्रहण समारोह में खरगे के शामिल होने पर कोई फैसला नहीं हुआ है।
यूपी के मंत्री जयवीर सिंह बोले- यह गर्व की बात
यूपी के मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, यह गर्व की बात है कि पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों को मंजूरी देने के लिए देश की जनता को बधाई…
केंद्र सरकार का पूरा ध्यान हम पर है: टीडीपी सांसद
टीडीपी के नवनिर्वाचित सांसद राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा, “…लंबे समय के बाद टीडीपी को केंद्रीय मंत्री बनाया जाएगा…अभी तक हमारी कोई मांग नहीं है। हमारे संबंध इतने मजबूत हैं कि हम उचित चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लेंगे…हम बहुत खुश हैं…केंद्र सरकार का पूरा ध्यान हम पर है…आरक्षण पर हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं होगा।”
मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ दिल्ली पहुंचे
मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे।
संतोष मांझी ने मंत्रिमंडल के गठन को लेकर दिया बयान
केंद्रीय मंत्रिमंडल के गठन पर हम नेता संतोष मांझी ने कहा, “अभी तक हमारे पास कोई जानकारी नहीं है। हमें उम्मीद है कि हमें लोगों की सेवा करने का मौका मिलेगा। हम गया के लोगों को धन्यवाद देना चाहते हैं जिन्होंने हमें और एनडीए सहयोगियों को वोट दिया, ताकि हमारी पार्टी इस स्तर तक पहुंचे कि हम संसद में प्रतिनिधित्व कर सकें।”



