Monsoon arrived before time, know the route to Sukma… when will it arrive in the rest of the state
रायपुर। दक्षिण पश्विम मानसून यानी तेज गर्मी से राहत देने वाला। इसी वजह से मई के खत्म होने के साथ ही लोग मानसून के आगम का दिन गिनने लगते हैं। मानसून का छत्तीसगढ़ पहुंचने का निर्धारित समय 10 जून है। बीते कुछ वर्षों से मानसून इसी तारीख के आसपास छत्तीसगढ़ पहुंच रहा है। यहां बस्तर के रास्ते मानसून की इंट्री होती है। इस बार मानसून अपने निर्धारित समय से 2 दिन पहले यानी 8 जून को ही राज्य की सीमा में प्रवेश कर गया है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून सुकमा के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंच गया है। सप्ताहभर के भीतर यह पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार सामान्यत: 10 से 15 जून के बीच मानसून रायपुर समेत राज्य के बड़े हिस्से में सक्रिय होत जाता है, जबकि 20 जून के आसपास पूरे राज्य में सक्रिय हो जाता है। इस बार मानसून के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
शनिवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट भी रही। मानसून की आहट से लू के थपेड़ों से राहत मिली है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार से बुधवार 12 जून तक प्रदेश में बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना है। 13 जून से प्रदेश में फिर बारिश की गतिविधि बढ़ेगी और इसके अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के साथ ही रायपुर में भी मानसून प्रवेश की संभावना है।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विभाग ने राज्य के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इस दौरान राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
मैदानी क्षेत्रों में गर्मी की मार
मानसून की प्रदेश में इंट्री हो गई है, लेकिन रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग समेत राज्य के ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। इधर, रायपुर के मौसम को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां आकाश में धूप-छांव का खेल चलेगा। देर शाम या रात में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
आज बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के शेष भाग, महाराष्ट्र के कुछ भाग और तेलंगाना में अगले दो से तीन दिनों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। रविवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बिजली भी गिर सकती है। शनिवार को बलरामपुर सर्वाधिक तापमान 42.5 डिग्री रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया।
आरंग में आंधी तूफान कई जगह बारिश
आरंग में आंधी तूफान से जनजीवन प्रभावित भी रहा। आंधी तूफान के चलते पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गई और इसके चलते जन जीवन प्रभावित रहा। डीडी कालोनी में 20 घंटे बिजली बंद और दो दिन तक पानी सप्लाई भी प्रभावित रही। इसके साथ ही गुंडरदेही, महासमुंद, मगरलोड, तेलूंगा में हल्की बारिश भी हुई।



