Home Blog कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा...

कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

0

The collector reviewed the progress of various schemes in the time-bound meeting

केन्द्र एवं राज्य शासन के महत्वाकांक्षी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के दिए निर्देश

Ro.No - 13672/156

उत्तर बस्तर कांकेर, 11 जून 2024/ कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार समय-सीमा की बैठक लेते हुए विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत लंबित कार्यों एवं प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों से कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन के लिए कार्य करें और जिले के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आम नागरिकों की मांग एवं समस्याओं पर प्राथमिकता से ध्यान दें और समय-सीमा में नियमानुसार उनका निराकरण करें।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने आज सुबह जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में नियद नेल्लानार योजना की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि राज्य शासन की यह एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के तहत चयनित गांव एवं उसके आसपास पांच गांवों में सभी प्रमुख योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन किया जाना है। वहां आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, आधार कार्ड, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना सहित सभी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वहां स्वास्थ्य केन्द्रों, स्कूलों और आंगनबाड़ी की स्थिति भी अच्छी हो इसके लिए भी प्रयास करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राम लला दर्शन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के जिले में क्रियान्वयन की जानकारी ली। जिला पंचायत सीईओ श्री सुमित अग्रवाल ने श्री रामलला दर्शन योजना के बारे में बताया कि इस योजना के अंतर्गत जिले से कुल 228 आवेदन प्राप्त हुए हैं। श्री रामलला दर्शन के लिए 26 जून को अगली ट्रेन रवाना होगी।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि इस योजना का लाभ जिले के सभी जरूरतमंद व्यक्तियों को मिलना चाहिए। इस योजना के तहत जिले में कुछ काम स्वीकृत होने के बाद भी अभी तक शुरू नहीं हो पाए हैं। उक्त कार्यों के शुरू नहीं होने के कारणों का पता लगाएं और उनका निराकरण कर निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं। जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में कुल 29 हजार 207 कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 22 हजार 996 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जिले में धान उठाव की स्थिति की भी समीक्षा की और खाद्य विभाग के अधिकारियों को समितियों में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए किसानों को समय पर वितरण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने जिले के स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के तहत एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्कूलों के आसपास का स्थल बच्चों के लिए सुरक्षित हो यह सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों से वृक्षारोपण के लिए अभियान चलाने की बात भी कही। उन्होंने जिले में वृहद वृक्षारोपण के लिए भूमि का चयन कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वन मण्डलाधिकारी श्री आलोक वाजपेयी एवं श्री हेमचंद पहारे, एडीएम श्री एस. अहिरवार, श्री बीएस उईके एवं श्री जितेन्द्र कुर्रे, जिला पंचायत के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल सहित सभी एसडीएम व विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here