Chief Secretary held a meeting through VC, Divisional Commissioner and Collector participated
Chief Secretary gave necessary instructions on important subjects
उत्तर बस्तर कांकेर, 22 जून 2024/ प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने आज वीडियो कॉफ्रेसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्त एवं कलेक्टर्स की बैठक ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना और जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने बैठक में नवीन न्याय संहिता, वेस्ट मैनेजमेंट, राजस्व प्रकरण, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, नारी शक्ति से जलशक्ति अभियान, सड़क दुर्घटना एवं आवारा मवेशी पर नियंत्रण, खरीफ फसल की तैयारी सहित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर जानकारी ली और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उक्त वर्चुअल बैठक में जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में बस्तर संभाग के संभागायुक्त श्री श्याम धावड़े एवं कलेक्टर श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर भी बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
मुख्य सचिव ने 01 जुलाई 2024 से लागू होने वाले नवीन न्याय संहिता के क्रियान्वयन की तैयारी की जानकारी ली और कहा कि सभी नागरिकों को नए कानून के बारे में जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारी करें। बैठक में संभागायुक्त ने बताया कि जल्द ही तिथि निर्धारित कर नवीन न्याय संहिता के संबंध में सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। खरीफ वर्ष 2024 की तैयारी को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में खाद एवं बीज भंडारण एवं वितरण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में उर्वरक और बीज की पर्याप्त उपलब्धता होनी चाहिए। खाद एवं बीज की कमी के कारण किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत लंबित केवाईसी, आधार सीडिंग को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने सड़क दुर्घटना के रोकथाम के लिए आवश्यक प्रयास करने के साथ सडकों पर घुमने वाले आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए भी निर्देश दिए। इसके अलावा वेस्ट मैनेजमेंट के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में किए जा रहे कार्य, श्रम पोर्टल में दर्ज श्रमिकों के राशन कार्ड बनाने के कार्य और ध्वनि प्रदूषण रोकने एवं नियंत्रण हेतु की गई जब्ती एवं राजसात की कार्यवाही की भी जानकारी ली। इस अवसर पर बैठक में एडीएम श्री एस. अहिरवार एवं श्री जितेन्द्र कुर्रे, जिला पंचायत के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



