Mumbai BMW Case: Accused Mihir Shah, who was driving the BMW car at the time of the accident, confessed his crime,
मुंबई। मुंबई बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन केस के मुख्य आरोपी मिहिर शाह ने पुलिस के सामने कबूला है कि दुर्घटना के समय वह कार चला रहा था। इससे पहले मिहिर को पुलिस ने मंगलवार को हादसे के दो दिन बाद मुंबई के निकट से गिरफ्तार किया था।
एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दंपति की बाइक को टक्कर मारने के बाद मिहिर को अच्छी तरह पता था कि महिला उसकी कार के एक टायर में फंस गई है, लेकिन फिर भी उसने कार रोकने की बजाए गाड़ी चलाता रहा। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने उसे रुकने के लिए कहा लेकिन वह नहीं रूका।
पहचान छिपाने के लिए मिहिर ने दाढ़ी कटवाई
अधिकारी ने आगे बताया कि अपनी पहचान छिपाने के लिए मिहिर ने दाढ़ी कटवा ली और बाल छोटे करवा लिए। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या किसी ने मिहिर का रूप बदलने में मदद की थी।
मिहिर ने किया ड्राइविंग लाइसेंस होने का दावा
आरोपी मिहिर शाह ने दावा किया है कि उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस है, लेकिन अभी तक दस्तावेज जमा नहीं किए गए हैं। मामले में अब तक मिहिर शाह की मां, बहनों और दोस्तों समेत 14 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
बाइक को मारी थी टक्कर
बता दें कि मिहिर शाह जुहू स्थित एक बार में अपने दोस्तों के साथ पार्टी करके निकला था, और तेज गति से गाड़ी चलाते हुए एक बाइक को टक्कर मार दी थी। बाइक पर मछुआरे दंपती कावेरी नखवा (45) एवं प्रदीप नखवा सवार थे। इस दुर्घटना में कावेरी नखवा की मौके पर ही मौत हो गई थी, और प्रदीप नखवा गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जांच में सहयोग नहीं कर रहा मिहिर!
सरकारी वकील रवींद्र पाटिल और भारती भोसले ने कहा कि आरोपी ने जांच में सहयोग नहीं किया है। घटना के साक्ष्यों के संबंध में वो भ्रामक जानकारी दे रहा है। मिहिर की हिरासत की मांग करते हुए सरकारी वकीलों ने मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट एस पी भोसले के समक्ष यह भी कहा कि बिदावत और मिहिर के बयानों में विसंगतियां हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए, दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर गहन जांच करना आवश्यक है। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि मिहिर ने कार का नंबर प्लेट हटा दिया था और यह नहीं बताया कि उसने उसे कहां फेंका है।
सरकारी वकील ने दी ये दलील
उन्होंने कहा कि आरोपी ने अपने सह-आरोपी के साथ मिलकर यह अपराध किया है। उसकी मदद से वो घटनास्थल से फरार हो गया उन्होंने कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि अपराध के बाद मिहिर किन लोगों से मिला और किन लोगों ने उसे भागने में मदद की। अ यह जांच करना जरूरी है कि आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस था या नहीं। उसका फोन भी जब्त किया जाना चाहिए। यह जांच करना आवश्यक है कि कार किसके नाम पर थी और किसने आरोपी को इसका इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी। उन्होंने कहा कि गवाहों के बयान अभी दर्ज होने बाकी हैं। बचाव पक्ष के वकील आयुष पासबोला ने दलील दी कि पुलिस मंगलवार को ही शाह और ड्राइवर को आमने-सामने बैठा चुकी है और उन्हें घटनास्थल पर भी ले जा चुकी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान मेल खाते हैं। पासबोला ने कहा कि कार बरामद कर ली गई है।
मंगलवार को किया गया था गिरफ्तार
बता दें कि शिवसेना नेता के बेटे मिहिर शाह को मंगलवार को विरार से गिरफ्तार किया गया था। मिहिर पर आरोप है कि रविवार को उसने अपनी कार से एक स्कूटर को टक्कर मार दी। इस टक्कर से स्कूटर सवार महिला की मौत हो गई। महिला का नाम कवेरी नखवा था और वह 45 साल की थीं। मिहिर ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के समय कार वही चला रहा था। हादसे के बाद डर के कारण वह घटनास्थल से भाग गया था।
पिता को मिली जमानत
पुलिस ने रविवार को ही मिहिर के पिता राजेश शाह और ड्राइवर बिदावत को हिरासत में ले लिया था। राजेश शाह को सोमवार को जमानत मिल गई, जबकि मंगलवार को सिवड़ी की एक अदालत ने बिदावत की पुलिस हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि मिहिर कितनी देर से कार चला रहा था। गिरफ्तारी के बाद मिहिर को मेडिकल जांच के लिए जेजे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसके खून के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि वे मिहिर और बिदावत को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेंगे और दोनों को घटनास्थल पर भी ले जाएंगे ताकि उनके बयानों की पुष्टि हो सके।



