Ola Electric IPO is opening on August 2, fresh issue of Rs 5,500 crore will be issued
नई दिल्ली। टू-व्हीलर कंपनी ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का आईपीओ (Ola Electric Mobility IPO) 2 अगस्त 2024 से निवेशकों के लिए खुलेगी। कंपनी आईपीओ से जुटाई राशि का इस्तेमाल सेल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट और अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने के लिए करेगी। कंपनी का आईपीओ 6 अगस्त तक खुला रहेगा।
1 अगस्त को एंकर निवेशकों के लिए कंपनी का आईपीओ खुलेगा।
जारी होगा 5,500 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू
ओला के प्रॉस्पेक्टस में दिखाया गया है कि कंपनी 5,500 करोड़ रुपये तक के फ्रेश इक्विटी जारी होगा। इसमें 8.49 करोड़ इक्विटी शेयर्स ऑफर फॉर सेल के लिए पेश किया जाएगा। ऑफर फॉर सेल के ओला इलेक्ट्रिक के संस्थापक भाविश अग्रवाल लगभग 3.8 करोड़ शेयर बेचेंगे।
सेल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की क्षमता बढ़ाएगी कंपनी
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड (ओईएमएल) ने अपने सेल विनिर्माण संयंत्र की क्षमता को 5 गीगावॉट से 6.4 गीगावॉट तक बढ़ाने के लिए आईपीओ की आय में से 1,227.6 करोड़ रुपये का उपयोग करने की योजना बनाई है।
इसके अलावा कंपनी अनुसंधान और उत्पाद विकास पर नए फंड से 1,600 करोड़ रुपये का उपयोग करने पर भी विचार कर रही है। वहीं, कर्ज चुकाने के लिए 800 करोड़ रुपये और जैविक विकास पहल के लिए 350 करोड़ रुपये का इस्तेमाल करेगी। आपको बता दें कि पिछले महीने ओला इलेक्ट्रिक को आईपीओ के लिए बाजार नियामक सेबी (SEBI) की मंजूरी मिल गई थी।
अभी नुकसान में है कंपनी
ओला अभी भी घाटे में चल रही है। यह अपनी स्थापना के बाद से तीन वर्षों में ई-स्कूटर में 46% बाजार हिस्सेदारी हासिल कर चुकी है। भाविश अग्रवाल की अगुआई वाली इलेक्ट्रिक वाहन फर्म को आईपीओ के ज़रिए 5500 करोड़ रुपये की नई पूंजी जुटाने की उम्मीद है। इसके अलावा ऑफर-फॉर-सेल (ओएफएस) के जरिए भी कंपनी शेयर जारी करेगी।
6 से 7 बिलियन डॉलर मूल्यांकन का रखा था लक्ष्य
ओला इलेक्ट्रिक ने शुरू में 6 से 7 बिलियन डॉलर के मूल्यांकन का लक्ष्य रखा था, लेकिन बाद में उसने इसे कम कर दिया। दिसंबर में दायर अपने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, कंपनी 9.5 करोड़ शेयरों के ओएफएस की सुविधा दे रही है।
मार्केट में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर का जलवा
टू-व्हीलर मार्केट में इन दिनो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनियों का जलवा है। साल 2023-24 में इनकी बिक्री में 33 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है। पिछले वित्त वर्ष में हर तीसरा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ओला इलेक्ट्रिक का रहा है। कंपनी ने वित्त वर्ष 24 में 3 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बेचे। यह पिछले साल की तुलना में दोगुना से ज्यादा हैं।



