District level monitoring committee meeting held
उत्तर बस्तर कांकेर, 30 जुलाई 2024/ खरीफ वर्ष 2023-24 के तहत् जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत् जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में फसल बीमा के दावे एवं उसके विरूद्ध क्षतिपूर्ति राशि के संबंध में समीक्षा की गई। कलेक्टर ने वित्तीय संस्थानों को 31 जुलाई तक प्रीमियम पटाने एवं 16 अगस्त तक पोर्टल में एन्ट्री करने के निर्देश दिए।
उप संचालक कृषि श्री एन.के. नागेश ने बताया कि खरीफ वर्ष 2023 में जिले में कुल 71 हजार 926 ऋणी एवं अऋणी कृषकों का फसल बीमा कराया गया था, जिनमें से 22 हजार 673 किसानों को 48 करोड़ 62 लाख रूपये का बीमा दावा भुगतान किया गया। उन्होंने बताया कि खरीफ वर्ष 2024 में फसल बीमा योजना के तहत् धान के सिंचित भूमि में दो प्रतिशत की दर के मान से प्रीमियम 1100 रूपये प्रति हेक्टेयर और असिंचित भूमि में 880 रूपये प्रति हेक्टेयर कृषकां को देय होगा। इस दौरान बीमा कंपनी के प्रतिनिधि ने दावा भुगतान हेतु गणना की जानकारी दी। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत् चालू वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना के संबंध में उप संचालक कृषि द्वारा जानकारी दी गई। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।



