Tree plantation under the campaign ‘One tree in the name of mother’ in the field of Krishi Vigyan Kendra, Bijapur
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 जून, 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वैश्विक अभियान एक पेड़ माँ के नाम का शुभारंभ किया। वैश्विक अभियान के भाग के रूप में, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने जानकारी दी कि सितंबर, 2024 तक देश भर में 80 करोड़ पौधे लगाने और मार्च, 2025 तक 140 करोड़ पौधे लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। एक पेड़ माँ के नाम अभियान एक जन आंदोलन है और लोग पेड़ लगाकर अपनी माँ और धरती माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए इसमें भाग ले रहे हैं। पेड़ लगाने से सरकार द्वारा शुरू किए गए मिशन लाइफ जो पर्यावरण के प्रति जागरुक जीवनशैली का एक जन आंदोलन है, के उद्देश्य की पूर्ति भी होती है। कृषि में, पेड़ लगाना टिकाऊ खेती को प्राप्त करने के लक्ष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। पेड़ मिट्टी, पानी की गुणवता में सुधार करके और जैव विविधता को बढ़ाकर कृषि उत्पादकता में सुधार करने में मदद करते हैं। पेड़ किसानों को लकड़ी और गैर-लकड़ी उत्पादों से अतिरिक्त आय का स्रोत भी प्रदान करते हैं। इस अभियान में भूमि क्षरण और मरुस्थलीकरण को रोकने और भूमि को हरा-भरा करने की अपार क्षमता है। उक्त अभियान के अंतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र, बीजापुर के द्वारा केन्द्र के प्रक्षेत्र में 50 पौघों का वृक्षारोपण किया गया एवं विभिन्न स्व सहायता समूहों के महिलाओं को भी पौधों का वितरण किया गया। उक्त कार्यक्रम में केन्द्र के प्रमुख अरूण कुमार सकनी, वैज्ञानिक बी.के. ठाकुर, अरविन्द कुमार आयम, डॉ. दिनेश कुमार मरापी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।



