Home Blog पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का अविलम्ब उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण-पत्र जारी...

पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का अविलम्ब उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण-पत्र जारी करें : कलेक्टर

0

Issue utility and completion certificates for completed construction works immediately: Collector

समय-सीमा की बैठक में अपूर्ण कार्यों को जल्द पूरा करने अधिकारियों को दिए निर्देश

Ro.No - 13672/156

उत्तर बस्तर कांकेर 31 दिसम्बर 2024/ समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज आयोजित की गई, जिसमें उन्हांने अपूर्ण निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने तथा पूर्ण हो चुके कामों का उपयोगिता तथा पूर्णता प्रमाण-पत्र अविलम्ब जारी करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। समय-सीमा बैठक में उन्होंने विभागवार एवं अनुविभागवार लंबित प्रकरणों की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा करते हुए उचित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विगत सप्ताह के लंबित प्रकरणों के निराकरण की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नियद नेल्लानार योजना के तहत चयनित गांवों में कार्ययोजना के अनुरूप मिशन मोड में क्रियान्वयन करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी को दिए। उन्होंने इन ग्रामों के हाट-बाजारों में स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा मोबाइल क्लीनिक लगाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। इसी तरह इन ग्रामों के ग्रामीणों को शत-प्रतिशत सैच्युरेशन के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि तैयार करने के लिए विशेष रूप से फोकस करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की स्कूलों में उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए उन्हें न्यौता भोज कराने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। साथ ही स्कूलों में दर्ज सभी विद्यार्थियों का जाति प्रमाण-पत्र बनाने का काम जल्द से जल्द पूरा करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास निधि के अंतर्गत स्वीकृत किन्तु अपूर्ण एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पूर्व वित्तीय वर्षों में स्वीकृत कार्यों को गुणवत्तापूर्वक आवास निर्माण कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत सभी 18 आवास निर्माण का कार्य माहांत तक सम्पन्न करने हेतु निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान खरीदी की साप्ताहिक प्रगति की जानकारी इस दौरान ली। इस पर खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में धान खरीदी के 5.44 लाख मीट्रिक टन के विरूद्ध अब तक 2.86 यानी लगभग 51 प्रतिशत धान की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही 56 मिलर्स द्वारा धान का उठाव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संग्रहण केन्द्रों में खरीदे गए धान के उठाव में इस सप्ताह तेजी आई है। इसी तरह बैठक में सामाजिक अंकेक्षण, मनरेगा, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पीएमश्री स्कूल सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम श्री बी.एस. उईके, श्री जितेन्द्र कुर्रे सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here