Child Protection Month from 21 January to 21 February
टास्क फोर्स की बैठक में कलेक्टर ने दिए शत-प्रतिशत टीकाकरण करने के निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, 15 जनवरी 2025/कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई, जिसमें शिशु संरक्षण माह एवं मीजल्स-रूबेला उन्मूलन तथा नियमित टीकाकरण के संबंध में चर्चा की गई। शिशु संरक्षण माह 21 जनवरी से 21 फरवरी तक सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर ने बैठक में ‘शिशु संरक्षण माह’ के दौरान सभी निर्धारित आयु के बच्चों के शत-प्रतिशत दवाई एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मौसमी बीमारियों से बचाव एवं रोकथाम हेतु विशेष सावधानी बरतने को कहा। कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शिशु सरंक्षण माह के सफल आयोजन एवं शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने हेतु अपने तथा अपने आस-पास के 06 माह से 05 वर्ष तक आयु के सभी बच्चों को आयरन फोलिक एसिड सप्ताह में दो बार तथा 09 माह से 05 वर्ष तक आयु के सभी बच्चों को विटामिन ”ए“ सिरप की खुराक देने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने जिले से मीजल्स रूबेला के उन्मूलन हेतु कार्ययोजना अनुसार इसकी निगरानी में सहयोग करने तथा शिशु सरंक्षण माह के सफल संचालन हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एस अहिरवार, श्री बी.एस. उईके, श्री जितेन्द्र कुर्रे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।



