Instructions given to officers to check the quality of paddy, discussion held with farmers
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने धान उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण
रायगढ़ / कलेक्टर कार्तिकेया गोयल आज विकास खंड पुसौर के धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारियों को धान गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने एवं प्रत्येक टोकन सत्यापन कर किसानों के शेष बचे रकबे का समर्पण के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल विकास खंड पुसौर के धान उपार्जन केंद्र कोड़पाली एवं छिछोर उमरिया पहुंचे। यहां उन्होंने धान उपार्जन में खरीदे जा रहे धान की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए स्टॉकिंग, रकबा समर्पण एवं मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर श्री गोयल ने काटे गए टोकन के विरुद्ध धान बेचने पहुंचे किसानों की जानकारी लेने पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि कोड़पाली में 114 टोकन के विरुद्ध 100 एवं छिछोर उमरिया में 150 टोकन के विरुद्ध 115 किसान धान विक्रय करने पहुंचे थे। कलेक्टर श्री गोयल ने प्रत्येक टोकन का भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए। वहीं गुणवत्ता के संबंध में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच में धान गुणवत्ताहीन पाए जाने पर खरीदी ना किया जाए।
कलेक्टर गोयल ने निरीक्षण के दौरान बड़े किसानों द्वारा विक्रय किए गए धान की जानकारी भी लीं। उन्होंने आरआई, पटवारी को भौतिक सत्यापन पर रकबा समर्पण के निर्देश दिए। उन्होंने समिति प्रबंधक को प्रतिदिन धान के स्टॉकिंग के निर्देश दिए। वहीं किसानों के सुविधा के लिए प्रात: 8 बजे से खरीदी कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान उपार्जन केंद्र में खरीदी प्रक्रिया एवं धान की गुणवत्ता का अवलोकन भी किया। इस दौरान धान विक्रय करने पहुंचे किसानों से चर्चा की। किसानों ने कहा कि वर्तमान में उपार्जन केन्द्र में किसी प्रकार समस्या नहीं है।
इस दौरान एसडीएम रायगढ़ श्री प्रवीण तिवारी, सीएसपी श्री आकाश शुक्ला, तहसीलदार श्रीमती नेहा उपाध्याय, नायब तहसीलदार श्री पंकज मिश्रा, खाद्य निरीक्षक श्री अंजनी राव सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





