The newly elected president and councillors of Nagarpalika Kanker were administered the oath of office
कांकेर सांसद श्री नाग की मौजूदगी में
उत्तर बस्तर कांकेर / नगरपालिका परिषद कांकेर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सभी 21 वार्ड के पार्षदों का आज नया बस स्टैण्ड के शेड प्रांगण में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को एसडीएम एवं प्रशासक श्री अरुण कुमार वर्मा के द्वारा पद की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग, जिला पंचायत कांकेर की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर आदि मंच पर उपस्थित थे।
स्थानीय बस स्टैंड परिसर में स्थित बाज़ार शेड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक को प्रशासक ने पद की गरिमा और भारत के संविधान की गरिमा अक्षुण्ण रखने की शपथ दिलाई। तत्पश्चात् सभी 21 वार्डो के पार्षदों को पद की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से सांसद श्री नाग ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सभी 21 वार्ड पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार कांकेर नगर का चहुमुखी विकास हो तथा इसके लिए सभी को एक साथ मिलकर अपना योगदान देने का आव्हान किया।
इसके पहले, नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री कौशिक ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर के समुचित विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे और सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को एक साथ मिलजुलकर काम करते हुए सहयोग करने की बात कही। इसके अलावा पूर्व सांसद श्री मोहन मंडावी, वरिष्ठ नागरिक श्री महेश जैन ने भी संक्षित उद्बोधन दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री शिशुपाल शोरी, मत्स्य कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सुभद्रा सलाम, शालिनी राजपूत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




