Home Blog आमजनता की समस्याओं से अवगत होने प्रदेश सरकार द्वारा मनाया जाएगा सुशासन...

आमजनता की समस्याओं से अवगत होने प्रदेश सरकार द्वारा मनाया जाएगा सुशासन तिहार

0

*08 अप्रैल से 31 मई तक तीन चरणों में किया जाएगा आयोजन*
*शासन की योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन से अवगत होने जिलों में मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री व उच्चाधिकारी करेंगे औचक निरीक्षण*
*प्रदेश सरकार की सुशासन की और जनकल्याण की दिशा में एक और ठोस पहल*
*शिकायत, समस्या, सुझाव व मांग से संबंधित आवेदन को समाधान पेटी में जमा करने की होगी सुविधा*
*कलेक्टर ने आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां करने अधिकारियों को दिए निर्देश*

उत्तर बस्तर कांकेर, 06 अप्रैल 2025/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत से अवगत होने के उद्देश्य से राज्य में ‘सुशासन तिहार -2025’ का आयोजन का आगामी 08 अप्रैल से 31 मई के बीच तीन चरणों में किया जाएगा। इसके तहत प्रशासन और जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद होगा। इस तिहार के माध्यम से हम जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से करने और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी ली जाएगी। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सुशासन तिहार 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है।

Ro.No - 13672/156

ऐसे मनाया जाएगा सुशासन तिहार-2025
सुशासन तिहार-2025 का पहला चरण आगामी 08 से 11 अप्रैल तक होगा, जिसमें आम जनता से उनकी समस्याओं के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। यह आवेदन ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में समाधान पेटी के माध्यम से प्राप्त होंगे। ऑनलाइन आवेदन की भी व्यवस्था की जाएगी और आवेदनकर्ताओं को पावती दी जाएगी। आवेदन प्राप्त होने के बाद, संबंधित अधिकारियों द्वारा इन्हें एक माह के भीतर निराकृत किया जाएगा। अधिकारियों को समय सीमा के भीतर प्राप्त आवेदनों का समाधान सुनिश्चित करना होगा। आवेदन के निराकरण की गुणवत्ता की समीक्षा राज्य और जिला स्तर पर की जाएगी।

आयोजित किए जाएंगे समाधान शिविर
समाधान शिविरों का आयोजन 05 मई से 31 मई 2025 तक किया जाएगा। इन शिविरों में आवेदकों को उनके आवेदनों की स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी और यथासंभव समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा।

सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
इस तिहार में स्थानीय सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वे तिहार के प्रत्येक चरण में शामिल होंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे।

विकास कार्य का निरीक्षण
मुख्यमंत्री और राज्य के उच्च अधिकारी प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजनाओं का क्रियान्वयन सही तरीके से हो रहा है और लोगों को उनका लाभ मिल रहा है।

विशेष पोर्टल और मोबाइल एप्स का होगा उपयोग
तिहार को अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया, समाधान की निगरानी और जनता के साथ संवाद के लिए विशेष पोर्टल और मोबाइल ऐप्स का भी उपयोग किया जाएगा।

मुख्यमंत्री की आम लोगों से अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि ‘सुशासन तिहार-2025’ सफल हो सके और प्रदेश में सुशासन की स्थापना की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण साबित हो सके।

कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, सभी एसडीएम सहित सभी संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ‘सुशासन तिहार 2025’ के आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जाएं ताकि सरकार की मंशानुरूप यह महत्वपूर्ण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में हो सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here