Sushasan Tihar-2025: First phase from tomorrow, applications will be received till April 11
उत्तर बस्तर कांकेर, 07 अप्रैल 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के द्वारा ’सुशासन तिहार -2025’ का आयोजन का 08 अप्रैल से 31 मई के बीच तीन चरणों में किया जाएगा, जिसके तहत इसके प्रथम चरण में कल से 11 अप्रैल तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इस दौरान ग्राम पंचायत मुख्यालयों तथा नगरीय निकाय के कार्यालयों में सुबह 10 से शाम 05 बजे तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इन स्थलों पर समाधान पेटी रखी जाएगी, जिसमें लोग अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को लिखित तौर पर डाल सकें। आवश्यकतानुसार हाट-बाजारों में भी आवेदन संग्रह किए जा सकते हैं। ऑनलाईन आवेदन प्राप्त करने की भी पोर्टल में व्यवस्था रहेगी। कॉमन सर्विस का भी ऑनलाइन आवेदन लेने हेतु उपयोग किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत से अवगत होने के उद्देश्य से राज्य में सुशासन तिहार का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत प्रशासन और जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद होगा। इस तिहार के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से करने और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी ली जाएगी। आवेदन प्राप्त होने के बाद, संबंधित अधिकारियों द्वारा इन्हें एक माह के भीतर निराकृत किया जाएगा। आवेदन के निराकरण की गुणवत्ता की समीक्षा राज्य और जिला स्तर पर की जाएगी।
इसके अलावा समाधान शिविरों का आयोजन 05 मई से 31 मई 2025 तक किया जाएगा, जिसमें आवेदकों को उनके आवेदनों की यथासंभव समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा।


