Home Blog नवीन नक्सल पुनर्वास नीति का लाभ दिलाने कांकेर में विशेष शिविर आयोजित

नवीन नक्सल पुनर्वास नीति का लाभ दिलाने कांकेर में विशेष शिविर आयोजित

0

Special camp organized in Kanker to provide benefits of new Naxal rehabilitation policy

मौके पर ही आधार, आयुष्मान कार्ड व राशन कार्ड बनाए गए

Ro.No - 13672/156

कलेक्टर ने शतप्रतिशत सैचुरेशन के दिए निर्देश

उत्तर बस्तर कांकेर 23 अप्रैल 2025/ राज्य शासन द्वारा लागू की गई नवीन नक्सल पुनर्वास नीति-2025 के तहत जिले में निवासरत माओवादी पीड़ित एवं प्रभावित परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार नगर के न्यू कम्युनिटी हॉल में आज विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभावित परिवारों का मौके पर विभिन्न प्रकार के दस्तावेज तैयार किए गए, साथ ही योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ लेने का अनुरोध किया गया।

नगर पालिका कांकेर के न्यू कम्यूनिटी हॉल में आयोजित प्रथम विशेष शिविर में काफी संख्या में प्रभावित परिवार के लोग पहुंचे, जहां पर विभिन्न विभागों के सहयोग से आवश्यक दस्तावेज तैयार किए गए। इस दौरान खाद्य विभाग, कौशल विकास, श्रम, अग्रणी बैंक, चिप्स, स्वास्थ्य विभाग, कृषि, राजस्व, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, समाज कल्याण, आदिवासी विकास, अंत्यावसायी विकास निगम तथा जिला पंजीयक द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। मौके पर ही 06 लोगों ने आधार कार्ड अपडेट कराया तथा एक का नया आधार हेतु पंजीयन कराया गया। इस तरह श्रम विभाग द्वारा 06 आवेदकों का नया पंजीयन किया गया। इसके अलावा एक बच्ची का आयुष्मान कार्ड मौके पर बनाया गया।

कलेक्टर ने शिविर स्थल का अवलोकन एवं निरीक्षण कर सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशानुसार पीड़ित एवं प्रभावित परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शत-प्रतिशत सैचुरेट करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न जरूरी दस्तावेजों के अभाव में कई ऐसे परिवार हैं जो शासन की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं, ऐसे में उन्हें लाभान्वित करने प्राथमिकता से दस्तावेज बनाया जाना बेहद आवश्यक होता है, इसीलिए विशेष शिविर आयोजित किया गया है। शिविर स्थल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवा वितरित की गई। इस दौरान कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे तथा एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को शीघ्रता से दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए।

भानुप्रतापपुर में विशेष शिविर 25 अप्रैल को

नवीन नक्सल पुनर्वास नीति-2025 के तहत दूसरा शिविर विकासखण्ड मुख्यालय भानुप्रतापुर में शुक्रवार 25 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। उक्त शिविर पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भानुप्रतापपुर के परिसर में लगाया जाएगा। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जिला स्तर के सभी अधिकारियों को शिविर स्थल में उपस्थित रहकर आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here