Home Blog पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल संबोधन

पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल संबोधन

0

Prime Minister and Chief Minister gave virtual address on Panchayati Raj Day

ग्राम कन्हारपुरी में आयोजित कार्यक्रम में अटल सुविधा केंद्र का शुभारंभ

Ro.No - 13672/156

जल संरक्षण की दिलाई गई शपथ

उत्तर बस्तर कांकेर, 24 अप्रैल 2025/ राष्ट्रीय ग्राम पंचायती राज दिवस के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज मधुबनी बिहार से देश भर के लोगों को वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पंचायती राज, समूह गतिविधियों और अन्य विषयों पर उद्बोधन दिया। इसी क्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न जिलों की ग्राम पंचायतों में महिला हितग्राहियों से चर्चा की तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली, साथ ही उन्होंने ग्राम स्तर पर जल संरक्षण करने की शपथ भी दिलाई। जिला स्तर पर कांकेर विकासखण्ड के ग्राम कन्हारपुरी में ग्राम पंचायती राज का आयोजन किया गया, जिसमें कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित थे।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत कांकेर की ग्राम पंचायत कन्हारपुरी में प्रातः 10 बजे से कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश सहित देश भर के लोग जुड़े। इस दौरान अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र का शुभारंभ आज वर्चुअल माध्यम से किया गया। उक्त वर्चुअल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़कर संबोधित किया। संबोधन से पहले प्रधानमंत्री ने मंगलवार 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में सैलानियों पर हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मृत्यु होने पर श्रद्धांजलि दी तथा आंतकवाद के लिए कड़ी कार्यवाही करने की बात कही। उन्होंने पंचायत सशक्तीकरण पर जोर देते हुए विकसित भारत की संकल्पना को पूर्ण करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के उद्बोधन पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामीण विकास और पंचायती राज के सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे। उन्होंने विभिन्न जिलों से जुड़ीं समूह की हितग्राही महिलाओं से उनकी गतिविधियों के बारे में फीडबैक लिया। साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्राम स्तर पर जल संरक्षण करने की शपथ भी दिलाई। इसके पहले, प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के विस्तार तथा ग्राम स्तर पर जल संरक्षण करने पर जोर दिया। जिला स्तर पर विधायक श्री नेताम नें ग्राम पंचायत कन्हारपुरी के ग्रामीणों को पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित करने और इस दिशा में सहभागी बनने का संकल्प दिलाया।
अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र और आवास प्लस के ऑनलाइन सर्वे का भी किया शुभारंभ
पंचायती राज दिवस कार्यक्रम के समापन उपरांत कांकेर विधायक श्री नेताम, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी और उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर ने ग्राम कन्हारपुरी में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र का शुभारंभ फीता काटकर किया तथा ग्रामीणों को तकनीकी सुविधा के लिए बधाई दी। इसके पश्चात ग्रामीण श्री रोहित साहू और श्रीमती हेमलता भोयर के घर पर जाकर अतिथियों की मौजूदगी में कलेक्टर ने आवास प्लस एप के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना हेतु सर्वे किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और काफी संख्या ग्रामीण उपस्थित थे।
अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र में मिलेगी ये सुविधाएं –
नागरिक सुविधाओं की पहुंच के लिए अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र ग्राम पंचायतों में स्थापित किए जा रहे हैं। जिला पंचायत के सीईओ श्री मंडावी ने बताया कि उक्त केन्द्र में जन्म-मृत्यु पंजीयन एवं प्रमाण पत्र, आय, जाति, निवास, विवाह पंजीयन, राजस्व सेवाएं सीएससी आईडी की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अलावा वित्तीय समावेशन सेवाएं के तहत नगद आहरण, फंड ट्रांसफर, आनलाईन- जीवन बीमा, सामान्य और कृषि, पेंशन एवं पैन कार्ड भी यहां पर बनाए जा सकेंगे। इसी तरह सीएससी की सेवाओं के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं का पंजीयन, पासपोर्ट आवेदन, बिजली बिल भुगतान, यात्रा टिकट बुकिंग और ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं के माध्यम से प्रमाण पत्र के साथ शासन की अन्य योजनाओं का लाभ लेने हेतु पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here