Kanker district first in the state in Nikshay Niramay campaign
उत्तर बस्तर कांकेर 02 मई 2025/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश सांडिया के मार्गदर्शन में जिले में 07 दिसम्बर 2024 से 24 मार्च 2025 तक निक्षय निरामय अभियान चलाया गया। उक्त निक्षय निरामय अभियान में जिले के समस्त ग्राम पंचायतों एवं आश्रित गांवों में टी.बी. रोग के जांच एवं उपचार अभियान चलाकर टी.बी. रोग के लक्षण एवं बचाव हेतु व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया गया। इसके अलावा शिविर लगाकर जनभागीदारी विभिन्न गतिविधियां आयोजित किया गया। बुधवार 30 अप्रैल को मेकाहारा रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया द्वारा जिला कांकेर को प्रथम स्थान हेतु सम्मानित किया गया। उक्त उपलब्धि समस्त जिलेवासियों एवं स्वास्थ्य विभाग गौरवान्वित हुआ है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सांडिया एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. के.के. धु्रव ने जिला एन.टी.ई.पी. टीम एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस उपलब्धि हेतु बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही आगामी वर्ष में कांकेर जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी से दोगुनी ऊर्जा से काम करने की अपील की है। उक्त राज्य स्तरीय सम्मान समारोह कार्यक्रम में जिले से जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. सुनील सोनी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री रोहित वर्मा, जिला समन्वयक एनसीडी डॉ. योगेश प्रजापति, जिला कन्सलटेंट आरसीएच श्री रॉबीन चरण, जिला कार्यक्रम समन्वयक क्षय रोग श्री दीपक राजपूत, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक श्री अजय प्रजापति, श्री ज्ञानेन्द्र कण्डरा एवं श्री दिलीप खोब्रागढे़ उपस्थित थे।




