A solution camp was organized in Belondi village in the remote area of the district
समाचार
सुशासन तिहार-2025
शिविर में वितरित किए गए राशन कार्ड, जॉब कार्ड और श्रम कार्ड
कलेक्टर क्षीरसागर ने शिविर में शामिल होकर ग्रामीणों की समस्याएं जानी
उत्तर बस्तर कांकेर, 07 मई 2025/ सुशासन तिहार के तीसरे चरण अंतर्गत आज अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम बेलोंडी में जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जिले के दूरस्थ अंचल में बसे बेलोंडी गांव में आयोजित शिविर में अपने आवेदनों के निराकरण की स्थिति जानने और विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणजन पहुंचे। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने शिविर में शामिल होकर ग्रामीणों की समस्याएं जानी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही हितग्राहियों को राशन कार्ड, जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड तथा सहायक उपकरण सहित विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्रियों का वितरण किया गया।
कलेक्टर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरुप सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का समुचित और गुणवत्ता निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में कुल प्राप्त आवेदनों में से प्रधानमंत्री आवास योजना के अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आवास प्लस 2.0 सर्वे का कार्य जारी है। जिन लोगों का नाम छूट गया है वे आवास सर्वे में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। उन्होंने कहा कि जिले के सुदूर क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। इस क्षेत्र में सड़क मार्ग, पुल पुलिया के सुदृढ़ीकरण के साथ मोबाईल नेटवर्क का दायरा बढ़ाने और सभी गांवों में शतप्रतिशत विद्युतीकरण के लिए कार्य प्रक्रियाधीन है और जल्द ही इन सभी सुविधाओं का लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा। जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर में ग्रामीणजन आगे बढ़कर अपनी समस्याएं बताएं और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।
ग्राम बेलोंडी में आयोजित शिविर में लोगों का आधार पंजीयन और अपडेट किया गया। खाद्य विभाग की ओर से 30 आवेदकों का राशन कार्ड और श्रम विभाग के द्वारा 08 श्रमिकों का पंजीयन कर कार्ड वितरित किया गया। इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग की ओर से 01 दिव्यांगजन को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके अलावा मौके पर 05 ग्रामीणों को मनरेगा जॉब कार्ड बनाकर वितरित भी किया गया। इस अवसर पर डीएफओ भानुप्रतापपुर श्री डी पी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री गुप्तेश उसेंडी, जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मंडावी, अंतागढ़ एसडीएम श्री राहुल रजक सहित जिला और विकासखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।




