Home Blog बीजापुर में मातृत्व की सुरक्षा की ओर बड़ा कदम पीएम सुरक्षित मातृत्व...

बीजापुर में मातृत्व की सुरक्षा की ओर बड़ा कदम पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान स्वस्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन

0

Successful organization of PM Surakshit Matritva Abhiyan health check-up camp in Bijapur, a big step towards the safety of motherhood

शिविर में 125 गर्भवती महिलाओं की जांच, 47 महिलाओं को उच्च जोखिम मामले चिह्नित

Ro.No - 13672/156

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – सुरक्षित मातृत्व एक अधिकार है, सुविधा नहीं। हर माँ की जिंदगी की रक्षा हमारा सामूहिक कर्तव्य है।” – इस मूलमंत्र को साकार करते हुए बीजापुर जिले में प्रधान मंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर बीजापुर जैसे अति संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा।

शिविर के दौरान 125 गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 47 महिलाओं को उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) की श्रेणी में चिन्हित किया गया। इन मामलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विशेष परामर्श, चिकित्सा जांचें और उपचार प्रदान किए गए ताकि मातृत्व संबंधी संभावित जटिलताओं से समय रहते निपटा जा सके।

इस शिविर में 80 महिलाओं का अल्ट्रासाउंड परीक्षण भी किया गया, जिससे गर्भावस्था के दौरान उत्पन्न होने वाली जटिलताओं की प्रारंभिक पहचान में मदद मिली। यह परीक्षण रेडियोलॉजिस्ट डॉ. देवेन्द्र मोरला द्वारा किया गया, जिन्होंने एचआरपी मामलों की पुष्टि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह का आयोजन करना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन, चिकित्सा टीमों और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों ने इसे सफल बनाया। संबित मिश्रा, कलेक्टर बीजापुर के सशक्त नेतृत्व और हेमंत नंदनवार, सीईओ जिला पंचायत के प्रशासनिक सहयोग से यह अभियान सुचारु रूप से संचालित हो सका। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. आर. पुजारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य जांच के सभी पहलुओं का समुचित प्रबंधन किया गया, जबकि डॉ. रत्ना ठाकुर, सिविल सर्जन ने गर्भवती महिलाओं को व्यक्तिगत परामर्श और चिकित्सा सुविधा प्रदान की।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य साहू ने उच्च जोखिम गर्भावस्था मामलों के प्रबंधन में महत्वपूर्ण चिकित्सकीय सलाह दी, जिससे मातृत्व की जटिलताओं को नियंत्रण में लाया जा सका।

शिविर की सफलता में अस्पताल के समस्त स्वास्थ्यकर्मी और स्टाफ का भी विशेष योगदान रहा, जिन्होंने अपने कर्तव्यबोध और सेवा भावना से इस कार्य को प्रभावशाली बनाया।

जिला चिकित्सालय का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. आर. पुजारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक वरुण साहू, एवं मानसी ताटपल्ली (DPHNO) द्वारा किया गया।

छत्तीसगढ़ सरकार का यह प्रयास दर्शाता है कि चाहे परिस्थितियाँ कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, हर महिला तक गुणवत्तापूर्ण मातृत्व सेवाएं पहुँचाना संभव है – बस जरूरत है समर्पण, समन्वय और सेवा की भावना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here