A special campaign is being run by the task force committee to stop child labour
उत्तर बस्तर कांकेर 02 जून 2025/ राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा श्रम विभाग के माध्यम से जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है। उक्त संबंध में बचाव और पुनर्वास पर किए गए छोटे और बड़े प्रतिष्ठानों से बाल एवं किशोर श्रम के उन्मूलन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। बाल एवं किशोर श्रम के लक्ष्य तक पहुंचने के लिये तिमाही आधार पर बचाव एवं पुनर्वास विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला श्रम अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त अभियान के अंतर्गत जिले में गठित टास्क फोर्स के सभी सदस्यों सहित व अन्य संबंधित विभाग तथा स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) के साथ संयुक्त निरीक्षण करते हुये जिले में स्थित छोटे-बड़े प्रतिष्ठानों जैसे कारखाना, ढाबा, उद्योगों, होटलों, दुकानों, ईंट भट्ठे निर्माण स्थल, संगठित और असंगठित क्षेत्रों जैसे खदानों सहित विभिन्न बाल श्रम प्रवृत्त क्षेत्रों से श्रम में लगे बच्चों और किशोरों को बचाने के लिए 12 जून तक बचाव एवं पुनर्वास अभियान आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय गठित टीम में श्रम निरीक्षक श्रम विभाग, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, उप निरीक्षक जिला बाल अपराध शाखा, पुलिस विभाग, ए.पी.सी. जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी चाईल्ड लाईन आदि सम्मिलित है।




