Special backward tribal families are being benefited under the Pradhan Mantri Janman Yojana
उत्तर बस्तर कांकेर 04 जून 2025/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति ‘कमार’ परिवारों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूहों की सामाजिक तथा आर्थिक स्थिति में उत्तरोत्तर सुधार करना है, ताकि उनका त्वरित गति से विकास सुनिश्चित किया जा सके। जिले के विकासखंड नरहरपुर के कुल 13 ग्रामों में 72 परिवार कुल जनसंख्या-283 (पुरूष-147 एवं महिला-136) विशेष रूप से कमजोर जनजाति ‘कमार’ निवासरत हैं। इनके जीविकोपार्जन के साधन व बांस शिल्प कला, कृषि एवं मजदूरी है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि पीएम जनमन मिशन अंतर्गत प्रत्येक परिवार को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक कार्य एवं सामुदायिक कार्यों के तहत शासकीय योजनाओं का लाभ विशेष रूप से कमजोर परिवारों (पीवीटीजी) एवं सभी पीवीटीजी ग्रामों को शत-प्रतिशत सुनिश्चित किए जाने 9 केन्द्रीय मंत्रालय के माध्यम से 11 महत्वपूर्ण गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वीकृति गतिविधि अनुसार मिशन अंतर्गत विशेष रूप से कमजोर जनजाति के जीवन स्तर में सुधार करने हेतु पात्र परिवारों को पक्के घर (प्रधानमंत्री आवास योजना)-ग्रामीण के तहत वर्ष 2023-24 में स्वीकृत 20 आवास में से 17 कार्य पूर्ण तथा 01 आवास प्रगतिरत है। इसी प्रकार वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 02 कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में सड़क निर्माण के 04 कार्य स्वीकृत है, जिसमें दलदली से कमारपारा दलदली, भीमापारा से बासनवाही (बाजारपारा), मावलीपारा (आवासपारा) से कमारपारा और गंवरसिल्ली से खासपारा में कार्य प्रगतिरत है। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ ही विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह के हितग्राही को शिक्षा, आधार कार्ड, प्रत्येक परिवार का राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य एवं पोषण, दूरसंचार कनेक्टिविटी इत्यादि सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।




