The collector held a time-bound meeting and gave instructions to resolve the pending cases quickly
उत्तर बस्तर कांकेर 09 जून 2025/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर नियद नेल्लानार योजना की प्रगति की समीक्षा की तथा अब तक हुए विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण जल्द से जल्द करने सभी एसडीएम को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए पीडीएस के नए भवनों का निर्माण बारिश से पूर्व प्रारंभ करने एवं प्रगति की प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश सम्बंधित जनपद सीईओ को दिए। उन्होंने पीएम जनमन के तहत शेष निर्माणाधीन आवास को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश नरहरपुर जनपद सीईओ को दिए। इसके अलावा बैठक में प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि, मत्स्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष्मान वय वंदन तथा पीएम विश्वकर्मा प्रकरणों की समीक्षा कलेक्टर ने अनुभागवार एवं विभागवार की। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास निधि के अधीन स्वीकृत सड़क, भवन एवं पुल-पुलिया निर्माण की समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, सभी एसडीएम सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।




