राजस्व का हो रहा भारी नुकसान
रायगढ़ | जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ओडिशा रोड स्थित Sky Lounge रेस्टोरेंट इन दिनों कानून की धज्जियां उड़ाते हुए सुर्खियों में है। आमतौर पर रेस्टोरेंट कहे जाने वाले इस प्रतिष्ठान में खुलेआम अवैध रूप से बार संचालित किया जा रहा है। वायरल वीडियो में न केवल शराब परोसी जा रही है, बल्कि ग्राहकों को बाकायदा बिल भी दिया जा रहा है और वह भी “Sky Cold Drinks B” के नाम से।
बिना लाइसेंस, चल रहा पूरा सिस्टम!
Sky Lounge में रेस्टोरेंट के आड़ में बार जैसी सभी सुविधाएं दी जा रही हैं, जो सामान्यतः लाखों रुपये खर्च कर आबकारी विभाग से बार लाइसेंस लेने के बाद ही संभव होता है। लेकिन Sky Lounge बिना लाइसेंस के ही शराब परोस रहा है। ऐसा प्रतीत होता है मानो उन्हें कानून का कोई भय नहीं, या फिर उन्हें किसी प्रकार का संरक्षण प्राप्त है।
देर रात तक शराब, शांति भंग की स्थिति
वायरल वीडियो अनुसार Sky Lounge में देर रात तक शराब परोसी जा रही है, जिससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और शांति भंग की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं रायगढ़ जिले में कई ऐसे प्रतिष्ठान हैं, जो आबकारी विभाग से वैध लाइसेंस लेकर बार संचालित कर रहे हैं। ये संचालक लाखों रुपये खर्च कर नियमों का पालन करते हैं। लेकिन यहां कम कीमत में शराब परोस कर न केवल नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि वैध बारों के कारोबार को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
350 रुपये में 200 की बीयर, फिर भी मिल रहा बिल!
Sky Lounge में 200 रुपये की बीयर 350 में बेची जा रही है और इसकी रसीद भी दी जाती है। यह बिल “Sky Cold Drinks B” के नाम से ग्राहकों को दिया जा रहा है, जो अवैध कार्य को वैध दिखाने का एक तरीका प्रतीत होता है।
क्या कहना है DSP सुशांतो बनर्जी का
इस पूरे मामले पर जब डीएसपी सुशांतो बनर्जी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी। जांच रिपोर्ट अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कानून का भय नहीं या किसी का है संरक्षण…?
Sky Lounge में अवैध रूप से चल रही शराब बिक्री सिर्फ एक होटल का मामला नहीं है, बल्कि यह पूरे प्रशासनिक तंत्र की निष्क्रियता पर सवाल खड़ा करता है। यदि जल्द ही प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसे अवैध बारों की संख्या में वृद्धि होना तय है।



