Health camp successfully organized in Badepalli of Maad area, 90 Ayushman cards made despite network constraints
बीजापुर@ रामचन्द्रम एरोला – भैरमगढ़: कलेक्टर संबित मिश्रा के दिशा-निर्देश में बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के दूरस्थ माड़ क्षेत्र में, बरसात को ध्यान में रखते हुए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बरसाती मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव, सतर्कता एवं जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश तिग्गा के नेतृत्व में, आयुष्मान आरोग्य मंदिर बड़ेपल्ली में यह शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कुल 100 मरीजों का उपचार किया गया।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में नेटवर्क की कठिनाइयों के बावजूद, बलराम घरत (RHO), प्रतीक्षा पटेल (नीति आयोग कोऑर्डिनेटर), मंजूलता राठौर (MT बरियाभूमि) और सुरेश सोढ़ी (JDS वाहन चालक) की मेहनत से कुल 90 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
साथ ही, चिरायु टीम द्वारा क्षेत्र की दो आंगनबाड़ियों का निरीक्षण किया गया और बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई।
इस दौरान खंड विस्तार प्रशिक्षक अधिकारी बी.आर. कुर्राम ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम, उपचार विधियाँ एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी। शिविर में समस्त RHO एवं क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।
यह पहल न सिर्फ माड़ क्षेत्र के निवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने की दिशा में एक सफल कदम रही, बल्कि इसने यह भी सिद्ध किया कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संकल्प शक्ति से दुर्गम से दुर्गम इलाकों तक भी जरूरी सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं।



