Fight in a wedding house, accused of murderous attack on a youth arrested, weapon recovered, incident of Aamapali of Lalunga
रायगढ़ — लैलूंगा थाना क्षेत्र के आमापाली गांव में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात शादी समारोह की रात उस समय हुई जब पीड़ित युवक अपने साथी के साथ घर लौट रहा था। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना 9 जून 2025 की रात की है। प्रार्थी लाल कुमार चौहान ने थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह लोग अपनी छोटी बहन के विदाई समारोह में व्यस्त थे। उसी दौरान उसका चचेरा भाई भानूप्रताप चौहान अपने साथी अजय चौहान के साथ घर जा रहा था। रास्ते में गांव का विद्यानंद राठिया बिना किसी कारण अश्लील गालियां देने लगा। जब विरोध किया गया तो उसने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू जैसे धारदार हथियार से पेट और गर्दन के पीछे हमला कर दिया। हमले के बाद घायल भानूप्रताप को तत्काल इलाज के लिए लैलूंगा अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने शिकायत पर तत्काल अपराध क्रमांक 158/25 दर्ज कर BNS की धारा 109 के तहत मामला कायम कर विवेचना प्रारंभ की। जांच में आरोपी विद्यानंद राठिया (उम्र 34 वर्ष, निवासी आमापाली) को हिरासत में लेकर जब मेमोरण्डम कथन लिया गया तो उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी के घर से वारदात में प्रयुक्त चाकूनुमा तीखा हथियार भी बरामद किया गया है जिसे उसने खुद पेश किया।
लैलूंगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के विधिक कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की न्यायिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले को पूर्व नियोजित हमला मानते हुए जांच को गहराई से आगे बढ़ा रही है।



