बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – शुक्रवार को बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने लाल पानी से प्रभावित ग्राम करका, हिरोली, डुमरीपालनार और पुसनार समेत करीब एक दर्जन गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सैकड़ों ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बैलाडीला की एनएमडीसी खदानों से निकलने वाला दूषित पानी बेरूदी नदी में मिलकर उसे पूरी तरह लाल और जहरीला बना रहा है। इस लाल पानी के कारण दर्जनों गांवों के आदिवासी किसान और ग्रामीण बुरी तरह प्रभावित हैं। फसलें खराब हो रही हैं और मवेशी मर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी को मुआवजा नहीं मिला है।
डुमरीपालनार के ग्रामीणों ने एनएमडीसी की ब्लास्टिंग को लेकर भी शिकायत की। उन्होंने बताया कि ब्लास्टिंग के कारण मकानों में पत्थर और धूल गिर रहे हैं, जिससे जानमाल का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन और एनएमडीसी प्रबंधन से बार-बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे उनमें भारी आक्रोश है।
गांव हिरोली में एक सर्वसुविधायुक्त अस्पताल खोलने और प्रभावित परिवारों को नौकरी देने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। विधायक विक्रम मंडावी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को विधानसभा व शासन-प्रशासन में मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा, “एनएमडीसी खदानों से उत्पन्न लाल पानी और ब्लास्टिंग की समस्या बेहद गंभीर है। सरकार और प्रबंधन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।” उन्होंने मुआवजा सर्वे कराने, अस्पताल निर्माण और प्रभावित परिवारों को रोजगार देने की मांग की। विधायक मंडावी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे।
उन्होंने कहा, “यह केवल पर्यावरणीय संकट नहीं, बल्कि मानवाधिकार और आजीविका से जुड़ा मुद्दा है, जिसे हल करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।”इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मंगल राना, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लूर, जनपद सदस्य बोधि ताती, बसंत हपका, प्रवीण उद्दे, हीरालाल मंडावी, रतन कश्यप, बलराम कोरसा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे।




