Home Blog हल्लूर गांव में शिक्षा की नई सुबह विधायक विक्रम मंडावी ने किया...

हल्लूर गांव में शिक्षा की नई सुबह विधायक विक्रम मंडावी ने किया स्कूल भवन का लोकार्पण, मनाया शाला प्रवेशोत्सव

0

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – भैरमगढ़ ब्लॉक के अतिसंवेदनशील गांव हल्लूर में गुरुवार को एक ऐतिहासिक दिन बना, जब विधायक विक्रम मंडावी ने नवनिर्मित स्कूल भवन का लोकार्पण करते हुए शाला प्रवेशोत्सव धूमधाम से मनाया। नदी-नाले पार कर पैदल गांव पहुंचे विधायक के स्वागत में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों की हंसी, अभिभावकों की उम्मीदें और ग्रामीणों के जोश ने इस अवसर को अविस्मरणीय बना दिया। विधायक मंडावी ने स्कूल भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया और प्रवेशोत्सव के रंगारंग कार्यक्रम में खुद बच्चों और ग्रामीणों के साथ उत्साह से भाग लिया। इस दौरान बच्चों को कॉपी, किताबें, पेन, स्कूल ड्रेस और ग्रामीणों को छाते भी वितरित किए गए। नवनिर्मित स्कूल भवन लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हल्लूर के बच्चों के लिए किसी सौगात से कम नहीं। यह भवन अब गांव के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा और शिक्षा के क्षेत्र में एक नया युग शुरू करेगा।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा, शिक्षा वह ज्योति है, जो बच्चों को सशक्त बनाकर समाज और देश को प्रगति की दिशा में ले जाती है। हल्लूर का यह स्कूल भवन बच्चों के सपनों को पंख देने का मंच बनेगा।

Ro.No - 13672/156

उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से स्कूल भेजें और शिक्षा को प्राथमिकता दें। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक से बेरिंग (पेयजल सुविधा), आधार कार्ड, राशन कार्ड की समस्या समाधान की मांग के साथ-साथ गांव में अस्पताल खोलने की भी अपील की। विधायक ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया। इस आयोजन ने न केवल शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि गांव के समग्र विकास की संभावनाओं के नए द्वार भी खोले। हल्लूर गांव में इस प्रेरणादायक पहल ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी और पूरे समुदाय को एकजुट कर आगे बढ़ने का संकल्प दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लछु मौर्य, हल्लूर सरपंच सुनील उरसा, केशकुतुल की सरपंच पार्वती कश्यप समेत अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here