‘More Village More Water’ Maha Abhiyan: Water conservation and tree plantation work will be promoted in the district
05 से 10 जुलाई तक चलाया जाएगा अभियान
उत्तर बस्तर कांकेर, 03 जुलाई 2025/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले में ‘मोर गांव मोर पानी’ महाभियान के तहत जल संरक्षण और भू-जल स्तर को बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0’ के तहत वृक्षारोपण के कार्य भी किया जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि जिले में इसे अभियान के रूप में 05 से 10 जुलाई तक ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों द्वारा श्रमदान व जनसहयोग के माध्यम से सामुदायिक स्थानों एवं निजी हितग्राहियों के लिए सोकपिट निर्माण, सामुदायिक व प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों हेतु वाटर हार्वेस्टिंग संरचना का निर्माण, सामुदायिक स्थल, अमृत सरोवर, प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों के यहां वृक्षारोपण का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा जिले को हरित पर्यावरण के प्रति संवेदनशील और टिकाऊ विकास की दिशा में अग्रसर करना है। उन्होंने बताया कि जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए ये अभियान स्थानीय समुदायों को पर्यावरण संरक्षण के महाअभियान से जोड़ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना है। यह अभियान पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ ही वृक्षारोपण कार्य से वर्षा जल के बहाव से बड़े पैमाने पर मिट्टी का कटाव की समस्या पर भी स्थायी समाधान मिलेगा। जिले में जल संवर्धन के लिए विभिन्न संरचनाओं का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा युवाओं, जनप्रतिनिधियों और महिलाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।



