17 days residential training of Pashu Sakhis concluded
उत्तर बस्तर कांकेर 14 जुलाई 2025/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चयनित जिले के 30 पशु सखियों के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में 17 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण पशुधन प्रबंधन विषय पर 27 जून से 13 जुलाई तक आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण ए-हेल्प (पशु स्वास्थ्य और पशुधन उत्पादन विस्तार के लिए मान्यता प्राप्त एजेंट) कार्यक्रम के तहत प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से पशुपालन के विभिन्न तकनीकियों आवास प्रबंधन, आहार प्रबंधन, स्वास्थ्य प्रबंधन एवं टीकाकरण, पशु प्रजनन एवं कृत्रिम गर्भाधान, उन्नतशील नस्लों की जानकारी एवं विभागीय योजनाओं आदि की जानकारी प्रशिक्षक डॉ. धर्मेन्द्र कुर्रे एवं डॉ. रोशन साहू द्वारा प्रदान किया गया।
समापन समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने अपने उद्बोधन में नारी शक्ति की महत्ता बताते हुए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे महिलाओं की प्रशंसा की तथा अपने-अपने क्षेत्र में जाकर पशुओं के साथ-साथ मुर्गीपालन, बकरीपालन, सूकरपालन जैसे व्यवसायों को स्वयं भी अपनाने तथा कृषकों को प्रेरित करने के लिए आह्वान किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत एवं पूर्व जनपद सदस्य श्री ईश्वर कावड़े ने भी प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेती और पशुपालन के संबंध में प्रकाश डाला। प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात् प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड आणंद गुजरात के द्वारा ऑनलाईन किया गया, जिसमें सभी प्रशिक्षणार्थी उत्तीर्ण हुए।




