*कहा, देश की रक्षा हेतु सीमा पर मुस्तैद जवानों की वजह से हम सुरक्षित*
उत्तर बस्तर कांकेर 17 जुलाई 2025/ कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग द्वारा दिशा की समीक्षा बैठक ली गई। इसके उपरांत महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं ने सांसद श्री नाग को रक्षाबंधन पर्व के पहले देश के जवानों के नाम पाती (पत्र) तथा उनके लिए रक्षासूत्र सौंपे। इस दौरान महिलाओं ने सांसद से रक्षासूत्र व उनके द्वारा लिखे गये पत्र को देश की सरहद पर डटे सैनिकों तक अवश्य पहुंचाने का आग्रह किया। इस पर सांसद ने महिलाओं के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि हम देश के भीतर तभी सुरक्षित हैं, जब तक सीमा पर चौबीसों घण्टों वीर सैनिक मुस्तैद होकर हमारी रक्षा में डटे हुए हैं। देश के जांबाज प्रहरियों के लिए रक्षासूत्र भेजना देशभक्ति की भावना को इंगित करता है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विपिन जैन सहित जिला व जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण उपस्थित थे।
*वीर सैनिकों के लिए महिलाएं रक्षासूत्र अवश्य भेजें : कलेक्टर ने की अपील*
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जिले की सभी महिलाओं से अपील की है कि अपने प्राणों की आहुति देकर भी कर्तव्य पथ पर अडिग व अविचल रहने वाले वीर सैनिकों को रक्षासूत्र अवश्य प्रेषित करें, ताकि किसी भी जवान की कलाई सूनी न रहने पाए। जिस तरह से वे अपने देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं, उनके लिए प्रत्येक के हृदय में संवेदना होनी चाहिए। उन्होंने इस बार भाई-बहन के इस पवित्र पर्व को देश के वीर प्रहरियों के नाम समर्पित करने का अनुरोध जिले के सभी महिलाओं से किया है।


