*दिशा की बैठक में केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश*
उत्तर बस्तर कांकेर 17 जुलाई 2025/ कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों में संचालित केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के क्रियान्वयन की योजनावार एवं विभागवार समीक्षा की। इस दौरान सांसद श्री नाग ने सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है, उस दिशा में अधिकारीगण पूरी जिम्मेदारी, इच्छाशक्ति और लगन से अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों को अवगत अवश्य कराएं ताकि आमजनता को इनका वास्तविक लाभ मिल सके।
जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित दिशा की बैठक में सांसद श्री नाग ने कहा कि इसी तरह मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने में सभी विभाग प्रमुख अपनी सक्रिय भूमिका एवं सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं को सभी अधिकारी गंभीरता और संजीदगी से लें, क्योंकि आमजनता की सेवाओं एवं सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए सरकार द्वारा योजनाएं संचालित की जाती हैं। बैठक में सभी अधिकारीगण निर्धारित एजेण्डा के संबंध में पूरी तैयारी एवं जानकारी के साथ उपस्थित रहें। इस दौरान कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने विभिन्न विभागों में संचालित केन्द्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी क्रमवार सांसद को दी।
इस दौरान पिछली बार आयोजित दिशा की बैठक में दिए गए निर्देश के परिपालन में विभागों के अधिकारियों के द्वारा की गई कार्यवाही से सांसद श्री नाग को अवगत कराया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों में संचालित केन्द्रीय योजनाआें की सिलसिलेवार जानकारी दी गई। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, ग्राम पंचायत विकास योजना इत्यादि के क्रियान्वयन के संबंध में बताया गया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क मार्ग निर्माण, जल संसाधन विभाग के तहत जल प्रबंधन कार्यक्रम, त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम, जल निकायों का नवीनीकरण एवं पुनरूद्धार तथा सतही लघु सिंचाई लक्ष्य के विरूद्ध अब तक हुई प्रगति से अवगत कराया गया। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आत्मा योजना के जिले में क्रियान्वयन एवं प्रगति की जानकारी कृषि विभाग के उप संचालक द्वारा दी गई। इसी तरह नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, स्वच्छ भारत मिशन शहरी, स्मार्ट सीटी मिशन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तहत जल जीवन मिशन, समाज कल्याण विभाग के अधीन राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्य और प्रगति की जानकारी दी गई। साथ ही पशुधन विकास विभाग के अधीन संचालित राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, राष्ट्रीय गोकुल मिशन, महिला एवं बाल विकास के तहत एकीकृत बाल विकास योजना, कुपोषण की स्थिति, भवन निर्माण की आधारभूत जानकारी, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, महिला संरक्षण एवं सुरक्षा योजना की भौतिक प्रगति की समीक्षा सांसद द्वारा बैठक में की गई। इसी तरह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के क्रियान्वयन के बारे जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल इंडिया, आदिवासी विकास विभाग द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पीएम पोषण शक्ति निर्माण, समग्र शिक्षा, पीएमश्री स्कूल विकास की जानकारी बैठक में दी गई। इसके अतिरिक्त खाद्य विभाग के तहत संचालित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा अधिनियम, प्रधानमंत्री कौशल विकास प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य, जिला खनिज न्यास निधि का आबंटन, सांख्यिकी विभाग द्वारा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, खेल एवं युवा कल्याण विभाग अंतर्गत खेलो इंडिया कार्यक्रम, श्रम विभाग के अधीन संचालित ई-श्रम पोर्टल और राष्ट्रीय पैरियर सेवा, लीड बैंक मैनेजर द्वारा अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना तथा सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खोले गए खातों की जानकारी बैठक में दी गई। इसके अतिरिक्त परिवहन विभाग, मछली पालन विभाग सहित विभिन्न विभागों में संचालित केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं भौतिक प्रगति के संबंध में जानकारी बैठक में दी गई। इस दौरान जिला पंचायत सदस्यों एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष व अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं व स्थानीय जनता की मांगों से सांसद श्री नाग तथा अधिकारियों को अवगत कराया। बैठक में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद रहे।


