रायपुर, छत्तीसगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके जन्मदिन के दिन हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। ईडी की टीम चैतन्य को लेकर रायपुर स्थित अपने कार्यालय के लिए रवाना हो गई है।
आज सुबह ही, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ईडी की छापेमारी को लेकर ट्वीट कर जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि ईडी की टीम उनके निवास स्थान पर पहुंच गई है। जैसे ही चैतन्य बघेल को हिरासत में लेने की खबर फैली, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी और ईडी की गाड़ी के सामने विरोध प्रदर्शन किया। भारी भीड़ के बीच ईडी की टीम चैतन्य को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गई।
भूपेश बघेल का X पोस्ट:
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ईडी की इस कार्रवाई को लेकर X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा:”जन्मदिन का जैसा तोहफ़ा मोदी और शाह जी देते हैं वैसा दुनिया के किसी लोकतंत्र में और कोई नहीं दे सकता।मेरे जन्मदिन पर दोनों परम आदरणीय नेताओं ने मेरे सलाहकार और दो ओएसडी के घरों पर ईडी भेजी थी।और अब मेरे बेटे चैतन्य के जन्मदिन पर मेरे घर पर ईडी की टीम छापामारी कर रही है।इन तोहफ़ों का धन्यवाद। ताउम्र याद रहेगा।”
यह घटना छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के आखिरी दिन हुई है, जिस पर भूपेश बघेल ने भी अपने ट्वीट में जिक्र किया था। चैतन्य बघेल की हिरासत के बाद उनके निवास स्थान पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।



