नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के कुंवर सिंह नगर में 31 वर्षीय विकास नाम के एक शख्स ने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड वीडियो मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। परिवार का आरोप है कि विकास ने पत्नी के व्यवहार, दूसरे समुदाय के युवक से उसके कथित अफेयर और कर्ज से परेशान होकर यह कदम उठाया।
मामला और जांच
पुलिस के अनुसार, विकास पश्चिम विहार के ज्वालाहेड़ी मार्केट में फुटवेयर शॉप में काम करते थे। बुधवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को कुंवर सिंह नगर के डी ब्लॉक स्थित उनके घर से आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। विकास का एक 4 वर्षीय बेटा है, जो घटना के समय नीचे के फ्लोर पर दादी के पास था।
तीन साल से चल रहा था वैवाहिक विवाद
जांच में सामने आया है कि विकास की पूजा से पांच साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई थी और पिछले तीन साल से विवाद चल रहा था। विकास को अपनी पत्नी पर शक था कि उसका किसी दूसरे समुदाय के लड़के से अफेयर है। परिवार वालों ने बताया कि उनकी पत्नी अक्सर मायके चली जाती थी और विकास का नंबर भी ब्लॉक कर देती थी। एक बार तो उसने पुलिस को बुलाकर विकास को थप्पड़ भी मरवाया था, जिससे वह बहुत परेशान था।
विकास के भाई नितिन ने बताया कि मृतक के मोबाइल में पूरा आत्महत्या का वीडियो रिकॉर्ड था, जो मंगलवार रात 11:18 बजे का है। विकास की बहन प्रियंका ने कहा कि भाभी उन्हें कोर्ट में घसीटने की धमकी भी देती थी।
वीडियो में प्यार और कर्ज का जिक्र
मृतक के परिवार ने बताया कि 6 मिनट के सुसाइड वीडियो में विकास बार-बार कह रहा है कि वह अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता है। वीडियो में उसने कर्ज से भी काफी परेशान होने की बात कही है।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, जिसमें वीडियो रिकॉर्डिंग, परिवार के आरोप और पत्नी से जुड़े पहलुओं की जांच की जाएगी।



