IG and SP announced, reward announced on the main accused of Mahadev Satta App, know how much money will be given
महादेव गेमिंग एप के संचालक सौरभ चंद्राकर के बाद पुलिस ने अब रवि उप्पल पर भी इनाम की घोषणा की है। दुर्ग रेंज के आइजी व एसपी ने रवि उप्पल की जानकारी देने वाले को 35 हजार इनाम दिए जाने की घोषणा की है। बता दें कि मंगलवार को ही दुर्ग पुलिस ने सौरभ चंद्राकर पर 35 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
दरअसल, छत्तीसगढ़ में आईएएस अधिकारियों के तबादले के बाद जिलों में नए एसपी और रेंज के नए आईजी ने पदभार संभाल लिया है। ऑनलाइन महादेव सट्टा एप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को पकड़ने के लिए IG रामगोपाल गर्ग ने 25 हजार और नए SP जितेंद्र शुक्ला ने 10 हजार का इनाम रखा है। कुल मिलाकर सौरभ के बारे में जानकारी देने वाले को 35 हजार रुपए का इनाम देने का ऐलान किया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि सौरभ चंद्राकर की जानकारी देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।
आरक्षक बर्खास्त
आनलाइन सट्टा महादेव एप मामले में फरार चल रहा आरक्षक क्रमांक 99 अर्जुन सिंह यादव को पुलिस की सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करते ही पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर आरक्षक को पुलिस की सेवा से बर्खास्त करने के आदेश पर हस्ताक्षर किए। आरक्षक के खिलाफ विभागीय जांच चल रही थी, जिसके आधार पर 27 फरवरी 2023 को दुर्ग आरआइ की तरफ से आरोप पत्र जारी किया गया था।



