It is our responsibility to maintain the honour and pride of the tricolour: MLA Netam
तिरंगा यात्रा में शामिल हुए जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी व नागरिक
उत्तर बस्तर कांकेर 13 अगस्त 2025/ भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के आह्वान पर स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आज विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन कांकेर नगर में किया गया जिसमें सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक तथा गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। इसमें सम्मिलित लोगों ने हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा लेकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जयघोष के साथ यात्रा निकाली। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज तिरंगा देश की आन, बान व शान है और इसे अक्षुण्ण बनाए रखना हम सबकी यानी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सांस्कृतिक मंच में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर विधायक श्री नेताम ने आगे कहा कि देश की सीमा पर चौबीसों घण्टे मुस्तैदी से डंटे जांबाज सैनिकों का मनोबल इसी तिरंगा से बढ़ता है। सरहद पर रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों की बलिदानी को कभी भूलना नहीं चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से तिरंगा के सम्मान और गौरव को ऊपर रखते हुए राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरतलाल मटियारा, हस्तशिल्प कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत और नागरिक श्री महेश जैन ने भी अपने उद्बोधन में तिरंगा यात्रा की सार्थकता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए देशभक्ति के जज्बे को हमेशा जागृत रखने की बात कही। जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने भी तिरंगा यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके उद्देश्य की जानकारी दी।
इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा लेकर नरहरदेव स्कूल से निकलकर शहर के नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड होते हुए मस्जिद चौक, पुराना बस स्टैण्ड, ज्ञानी चौक से बरदेभाठा मार्ग होते हुए पंडरीपानी चौक, सेन चौक से गुजरते हुए वापस नरहरदेव स्कूल परिसर में पहुंचकर बाइक रैली का समापन किया। इस दौरान इसमें सम्मिलित सभी जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधियों, शिक्षकों तथा गणमान्य नागरिकों ने भारत की जय, जयहिन्द तथा तिरंगा अमर रहे का जयघोष भी किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।



