It is worrying that the postal worker usurps the hard-earned money of the villagers – Neena Rawatiya Udde
सुकन्या समृद्धि योजना में गड़बड़ी
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिला मुख्यालय से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत संतोषपुर में सुकन्या समृद्धि योजना को लेकर बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2019-20 से 2025-26 के बीच उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई और खेती-किसानी से बचाए गए रुपये – हर महीने 1 हज़ार से लेकर 5 हज़ार तक – अपने बच्चों के भविष्य के नाम पर डाकघर बीजापुर की महिला कर्मचारी कुमारी दिव्या कंवर को जमा किए। लेकिन यह रकम खातों में जमा नहीं हुई और कर्मचारी ने वर्षों तक ग्रामीणों को गुमराह किया।
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने पासबुक एंट्री की मांग की तो कर्मचारी टालमटोल करने लगी। बाद में जब वे स्वयं डाकघर पहुंचे तो पता चला कि खातों में कोई रकम जमा ही नहीं की गई। इस बीच संबंधित कर्मचारी का तबादला अन्य जिले में हो गया और उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया।
इस मामले को लेकर आक्रोशित महिलाओं व ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कलेक्टर संबित मिश्रा से मुलाकात की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। नीना रावतिया ने कहा – “जब माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य के लिए पाई-पाई बचाकर सरकारी योजनाओं में जमा करते हैं और वहां भी ठगी हो, तो जनता आखिर कहां सुरक्षित रहेगी? केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी सुकन्या समृद्धि योजना में भी यदि गबन होने लगे तो यह अत्यंत चिंताजनक है।”
इस अवसर पर ग्राम पंचायत संतोषपुर की संगीता छपराला, शर्मिला नागुल, रामी पुल्ला, अनीता कुड़मूल, सुशीला पारीक, सुमित्रा कुड़मूल, कमला पल्ला, सुशीला नागुल, चंद्रकला कुड़मूल, सोमाली आलमा, रमेश पुल्ला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीण अब जिला प्रशासन से त्वरित जांच और अपनी मेहनत की कमाई लौटाने की मांग कर रहे हैं।



