Sarpanch made allegations against the district president’s husband, the president’s husband replied
मनेंद्रगढ़। ग्राम पंचायत सल्हि के सरपंच एवं पूर्व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिलाध्यक्ष केवल सिंह मरकाम ने जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष जानकी बाई कुसरो के पति पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
मरकाम ने आरोप लगाया कि पवन सिंह पंचायत कार्यों में बाधा डालते हैं और भू-माफियाओं के साथ मिलकर दबंगई से अवैध कब्जे कर रहे हैं। उनका कहना है कि सल्हि ग्राम की कई भूमि संबंधी प्रकरण विवादित व विचाराधीन हैं।
इस पर जवाब देते हुए पवन सिंह ने भी कलेक्टर को पत्र भेजा और कहा कि मरकाम ने राजनीतिक रंजिशवश निराधार शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच केवल सिंह मरकाम ने अपने घर तक सड़क का निर्माण पंचायत की अनुमति बिना कराया और पंचायत सचिव पर दबाव बनाया। इतना ही नहीं, सचिव को धमकी दी गई कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो झूठी शिकायत कर स्थानांतरण करवा देंगे।
पवन सिंह ने कहा कि सरपंच द्वारा पंचायत सचिव, वन समिति अध्यक्ष, उचित मूल्य दुकान संचालक, किसान मित्र समेत कई लोगों को हटाने के लिए भी दबाव बनाया गया। सचिव ने नाराज होकर स्वयं स्थानांतरण की मांग कर दी।
उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि “सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली” वाली कहावत सरपंच पर सटीक बैठती है। शिकायतें करना उनकी आदत है, यही कारण है कि ग्राम विकास प्रभावित हो रहा है।
पवन सिंह ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके विरुद्ध कोई भूमि संबंधी मामला है तो उसे साबित कर बताया जाए। उनके अनुसार सरपंच की मंशा सिर्फ झूठी शिकायतें कर लाभ लेना है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि आपस में ही विवाद करेंगे तो ग्राम के विकास कार्य बाधित होना तय है।



