Bastar Invest Connect Meet will also promote industries in Kanker district, new industrial areas will be established
जिले के तीन उद्यमियों को 64 लाख रूपए का ऋण सहायता वितरित,
01 उद्यमी को मिला स्थायी पूंजी निवेश अनुदान का लाभ
उत्तर बस्तर कांकेर, 12 सितम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में गत दिवस जगदलपुर में आयोजित बस्तर इन्वेस्ट कनेक्ट मीट में कांकेर जिले के उद्यमी भी लाभान्वित किए गए। जिले के तीन उद्यमियों को 64 लाख रूपए का ऋण सहायता संबंधी चेक प्रदान किया गया, वहीं एक उद्यमी को 90 लाख रूपए का स्थायी पूंजी निवेश अनुदान का चेक वितरित किया गया। इससे जिले में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार भी होगा। उक्त कार्यक्रम में कांकेर जिले के व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से लाभान्वित हितग्राही और नए इन्वेस्टर भी शामिल हुए।
उक्त कार्यक्रम में कांकेर जिले के प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्यान्न प्रसंस्करण योजना से लाभान्वित उद्यमी मैसर्स अक्षा फूड्स एण्ड ब्रेवरेजेस को 42 लाख 90 हजार रूपए का सब्सिडीयुक्त ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत हरीश कोमरा को रेडीमेंट वस्त्र व्यवसाय के लिए 09 लाख रूपए एवं सुरेश बघेल को हार्वेस्टर क्रय के लिए 20 लाख रूपए का ऋण सब्सिडीयुक्त चेक प्रदान किया गया। मेसर्स महावीर वेयर हाउस को वेयर हाउस निर्माण के लिए औद्योगिक नीति के तहत स्थायी पूंजी निवेश अनुदान संबंधी चेक प्रदाय किया गया। इसके अलावा जिले के 07 उद्यमियों को उद्योग स्थापना हेतु सर्टिफिकेट (प्रमाण-पत्र) भी प्रदान किया गया। बस्तर इन्वेस्ट कनेक्ट मीट के अवसर पर मेसर्स वर्षा कैटलफीड को केटलफीड का निर्माण, मेसर्स राहुल छाजेड़ को वेयर हाउस निर्माण, मेसर्स सिद्धांत मल्टी स्पेशियलिटी हास्पिटल कांकेर को 50 बिस्तरों के हॉस्पिटल स्थापना, मेसर्स शंकरा लेटेक्स को सर्जिकल गलब्स उत्पाद निर्माण, मेसर्स भवल इकोटूरिस्म को होटल रिसार्ट स्थापना, मेसर्स छत्तीसगढ़ वेयरहाउस को वेयरहाउस निर्माण और मेसर्स श्री गौरंग राईस मिल को मुख्यमंत्री के हाथों निवेश सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। उक्त सभी प्रस्तावित उद्योगों में लगभग 70 करोड रूपए का़ निवेश तथा 400 व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध होने की संभावना है।



