मस्तूरी। बे मौसम भारी बारिश की आशंका को देखते हुए भारतीय जनता के नेता एवं जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि चंद्र प्रकाश सूर्या ने किसानों से सतर्कता बरतने और अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। चंद्र प्रकाश सूर्या ने कहा कि किसान फिलहाल धान की कटाई को यथा संभव कुछ दिनों के लिए टालें और मौसम की स्थिति सामान्य होने पर ही कटाई का निर्णय लें।
बीजेपी नेता चंद्र प्रकाश सूर्या ने कहा कि जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, वे अपनी फसल को खेतों से हटाकर सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर रखें। साथ ही फसल को तिरपाल से अच्छी तरह ढककर रखें, ताकि बारिश के पानी से धान भीगने और खराब होने से बचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि धान में नमी बढ़ने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होती है और भंडारण के दौरान नुकसान की आशंका बढ़ जाती है। लगातार बारिश और नमी के कारण दलहन एवं तिलहन की फसलों में कीट तथा रोगों का प्रकोप भी बढ़ सकता है। ऐसे में किसानों को खेतों में जलभराव रोकने के लिए पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए। चंद्र प्रकाश सूर्या ने किसानों से अपील की कि ने मौसम बारिश से फसल को नुकसान होने पर तत्काल संबंधित बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को सूचना दें। नुकसान की तस्वीरें और आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखें तथा फसल बीमा की निर्धारित समय-सीमा का पालन करें।
उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय पर सावधानी और उचित प्रबंधन अपनाकर संभावित नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।



