Grand MSME-Summit organized in Manendragarh, Minister Lakhanlal Devangan and Shyambihari Jaiswal participated
मनेंद्रगढ़ में पहली बार पहुंचे मंत्री लखनलाल देवांगन, कार्यकर्ताओं ने किया ढोल नगाड़ों से स्वागत
उद्योग एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के मुद्दों पर दी अहम दिशा
मनेंद्रगढ़ से भगवान दास की रिपोर्ट
एमसीबी/छ.ग. — चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जिला एमसीबी द्वारा आयोजित MSME-Summit में आज श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल पहुंचे। कार्यक्रम का आयोजन जिले में नए उद्योगों की संभावनाओं, छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति में दी गई छूट एवं सुविधाओं पर चर्चा हेतु किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन रहे, जबकि स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इनके साथ जिलाध्यक्ष भाजपा चम्पादेवी पावले, संयुक्त संचालक उद्योग संचनालय शिवकुमार राठौर, सीजीएम एसईसीएल हसदेव एरिया उमेश शर्मा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख रणधीर सिंह, पी.एन.बी. सर्किल हेड जगदीश राय और क्षेत्रीय प्रबंधक बी.पी.सी.एल विनय कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस अवसर पर विमल श्री टॉकीज, रिंग रोड मनेंद्रगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग जगत के लोगों, व्यापारियों व अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन रात्रिभोज के साथ हुआ।
गौरतलब है कि यह मंत्री लखनलाल देवांगन का मनेंद्रगढ़ जिला में पहला दौरा था। कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के साथ मनेंद्रगढ़ रेस्ट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा ढोल-नगाड़ों से किए गए भव्य स्वागत को स्वीकार किया।
इस दौरान दोनों मंत्रियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि —
“राज्य सरकार उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। नई औद्योगिक नीति में छोटे और मध्यम उद्योगों को विशेष छूट और सुविधाएं दी जा रही हैं। हमारा उद्देश्य स्थानीय युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मनेंद्रगढ़ सहित पूरे क्षेत्र में MSME के विकास की अपार संभावनाएं हैं। सरकार उद्यमियों के साथ मिलकर नए निवेश और बुनियादी ढांचे के निर्माण को बढ़ावा देगी। आने वाले समय में इस क्षेत्र को औद्योगिक और कारोबारी हब बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।”
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि —
“स्वस्थ समाज ही मजबूत और समृद्ध राज्य की नींव है। राज्य सरकार ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। औद्योगिक विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य और परिवार कल्याण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य चल रहा है। उद्योग और स्वास्थ्य दोनों के संतुलित विकास से ही यह क्षेत्र नई ऊँचाइयों को छुएगा।”



