*एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट*
एमसीबी/महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज खोगापानी स्थित नशामुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नशामुक्ति केंद्र में रह रहे लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं, उनकी प्रगति की जानकारी ली और उन्हें नशे से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में जुड़ने के लिए प्रेरित किया। मंत्री जी ने केंद्र प्रबंधन को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और पुनर्वास कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर डी.वेंकट राहुल,हसदेव मंडल अध्यक्ष सुश्री बबिता सिंह, मंडल महामंत्री भगवान दास सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
नशामुक्ति केंद्र के निरीक्षण के बाद मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मनेंद्रगढ़ स्थित नेत्रहीन विद्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने विद्यालय का जायजा लिया, बच्चों से बातचीत की और कहा कि इस विद्यालय में नेत्रहीन बच्चों के लिए किसी प्रकार की सुविधा की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की पढ़ाई और रहने की व्यवस्था उच्च स्तर की हो तथा समय-समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएँ।
इसके पश्चात वे एमसीबी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने विभाग की समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने कहा, “सरकार की प्राथमिकता है कि महिला एवं बाल विकास विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। पोषण, शिक्षा, सुरक्षा और पुनर्वास के क्षेत्र में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से आंगनबाड़ी सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग, पोषण अभियान की समीक्षा और महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को भी कहा।



