Meeting held on National Nutrition Month, Collector made the officials take pledge of good nutrition
उत्तर बस्तर कांकेर, 16 सितम्बर 2025/ महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत राष्ट्रीय पोषण माह 2025 का आयोजन आगामी 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभाग द्वारा बनाई गई कार्ययोजना पर चर्चा करने कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने और कुपोषित बच्चों को सामान्य अवस्था में लाने की दिशा में आवश्यक प्रयास करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को सुपोषण जागरूकता का संकल्प भी दिलाया।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में टीएल मीटिंग के दौरान आयोजित राष्ट्रीय पोषण माह की बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने तिथिवार गतिविधियों एवं विभागीय कार्ययोजना की जानकारी दी, जिसमें राज्य स्तर पर गतिविधि, मोटापे की रोकथाम, मेनस्ट्रीमिंग, कन्वर्जेंट एक्शन एंड डिजिटाईजेशन, जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन, ईसीसीई गतिविधि, आईवाईसीएफ गतिविधि आदि सम्मिलित हैं। बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी उपस्थित अधिकारियों को पोषण का संकल्प दिलाया, जिसमें बच्चों में मोटापा रोकने, शिशु एवं छोटे बच्चों के बेहतर आहार को बढ़ावा देने, प्रारंभिक शिक्षा एवं देखभाल, पोषण की भागीदारी बढ़ाने तथा व्यापक जनजागरूकता हेतु यथासंभव प्रयास शामिल है। इस दौरान डीएफओ भानुप्रतापपुर श्री हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारियों ने एक साथ पोषण संकल्प लिया।



