Red Cross District Management Committee meeting concluded
उत्तर बस्तर कांकेर, 19 सितंबर 2025/ जिला कार्यालय के सभा कक्ष में प्रबंध समिति के नवनिर्वाचित रेडक्रास सदस्यों की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजभारती, राज्य प्रतिनिधि अनुपम जोफर सहित विकासखंड अध्यक्षों एवं सदस्यों को निर्वाचित प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अपर कलेक्टर श्री अरुण वर्मा द्वारा बिंदुवार एजेंडा पर चर्चा की गई। इसके बाद जिला शाखा के वार्षिक बजट आय-व्यय एवं ऑडिट को सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि वर्तमान वर्ष में 157 सदस्य बनाए गए तथा दानदाताओं से कुल 05 लाख 90 हजार की राशि संग्रहित की गई है। प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण अंतर्गत गत वर्ष दो शिविर का आयोजन किया गया। बैठक में बाढ़ अतिवृष्टि जल भराव में राहत कार्यों पर चर्चा करते हुए रेडकास समिति को आपदा एवं राहत शाखा से जोड़ने की बात कही गई। कॉलेज के यूथ वालिंटियर्स को सीपीआर की ट्रेनिंग देने तिथिवार कार्यक्रम तय करने पर जोर दिया गया।
जूनियर रेडक्रास उपसमिति की पुनर्गठन, ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए रक्तदान शिविर के आयोजन हेतु सभी समाज को प्रेरित करने, टीवी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत रोगी को पोषक आहार उपलब्ध कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने कहा गया। रेडक्रास के माध्यम से मेडिकल स्टोर खोले जाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए, जिससे आम आदमी को सस्ते दामों पर दवाइयां उपलब्ध हो सके। जिला शाखा अंतर्गत जूनियर रेडक्रास एवं यूथ रेडक्रास की वार्षिक कार्ययोजना के निर्माण कर गतिविधियां संपन्न कराने निर्देशित किया गया। जूनियर एवं यूथ रेडक्रास काउंसलर के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने, प्राइवेट स्कूल एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा काउंसलर की बैठक आयोजन तथा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण नगर सेवा के द्वारा मॉकड्रील में सम्मिलित होने बैठक में निर्देशित किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राज भारती ने अपने उद्बोधन में कहा कि रेडक्रास शासन के साथ मिलकर अपनी भागीदारी निभाएं। अधिक से अधिक सदस्य बनाएं, मानव सेवा में समर्पित होकर रेडक्रास की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही गई। बैठक में एसडीएम भानुप्रतापपुर जी.डी. वाहिले, एसडीएम अंतागढ़ राहुल रजक, एसडीएम पखांजूर टी.आर. देवांगनमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, अजय पप्पू मोटवानी, अनुराग उपाध्याय, जिला संगठक पवन कुमार सेन सहित रेडक्रास के सदस्य व संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।



